अब ग्राम पंचायत के टैक्स और शुल्क का भुगतान घर बैठे ऑनलाइन, UPI से चुकाएं राशि और तुरंत मिलेगी रसीद ‘नागरिक सेवा पोर्टल’ से डिजिटल हुई ग्रामीण सेवाएं, ई-मेल और SMS से मिलेगा भुगतान का प्रमाण; जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अब ग्राम पंचायत के टैक्स और शुल्क का भुगतान घर बैठे ऑनलाइन, UPI से चुकाएं राशि और तुरंत मिलेगी रसीद ‘नागरिक सेवा पोर्टल’ से डिजिटल हुई ग्रामीण सेवाएं, ई-मेल और SMS से मिलेगा भुगतान का प्रमाण; जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिले की ग्राम पंचायतों में अब कर एवं अन्य निर्धारित शुल्क का भुगतान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकसित ‘नागरिक सेवा पोर्टल’ और ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के प्रभावी संचालन के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, सरपंचों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायत दर्पण पोर्टल के अंतर्गत ओन सोर्स रेवेन्यू (OSR) प्रबंधन प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था लागू की गई है। इस नई सुविधा के माध्यम से ग्रामीण नागरिक अब पंचायत से संबंधित कर एवं अन्य शुल्क का भुगतान UPI (PhonePe, Google Pay, BHIM आदि), डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के जरिए आसानी से कर सकेंगे। भुगतान पूरा होते ही उन्हें डिजिटल रसीद के साथ अधिकृत ई-मेल और SMS के माध्यम से इसकी सूचना भी प्राप्त होगी।
सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में संचालित बैंक, पेट्रोल पंप, वेयरहाउस, स्कूल, कॉलेज, उद्योग एवं अन्य करदाता संस्थानों का भी पोर्टल पर पंजीयन कर ऑनलाइन टैक्सेशन व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे पंचायतों की आय बढ़ाने और राजस्व संग्रहण को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों को अपनी-अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से पंचायत दर्पण पोर्टल पर इस व्यवस्था का चरणबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिन नागरिकों के पास ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे एमपी ऑनलाइन कियोस्क अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
नागरिक सेवा पोर्टल पर केवल ऑनलाइन भुगतान ही नहीं, बल्कि निजी भूमि पर वृक्ष काटने अथवा गिराने की अनुमति, भवन अनुज्ञा, संपत्ति कर संबंधी जानकारी, शिकायत एवं फीडबैक जैसी कई सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। विभाग का लक्ष्य भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों की सभी प्रमुख नागरिक सेवाओं को इसी पोर्टल से जोड़ना है।
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने विश्वास व्यक्त किया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतें नागरिक सेवा पोर्टल और ऑनलाइन पेमेंट गेटवे का व्यापक उपयोग करते हुए ओएसआर प्रबंधन को मजबूत करेंगी। इससे पंचायतों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, डिजिटल और जवाबदेह बनेगी तथा 16वें वित्त आयोग की परफॉर्मेंस ग्रांट प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी।



