भरभरा आश्रम,सिद्धधाम, लोढ़ा पहाड़ और महर्षि आश्रम करौंदी में उमड़ा जनसैलाब,गुरुपूर्णिमा पर गुरु भक्ति में सराबोर हुआ पूरा अंचल, हजारों श्रद्धालुओं ने पूजन, अभिषेक और भंडारे में लिया पुण्य लाभ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

भरभरा आश्रम,सिद्धधाम, लोढ़ा पहाड़ और महर्षि आश्रम करौंदी में उमड़ा जनसैलाब,गुरुपूर्णिमा पर गुरु भक्ति में सराबोर हुआ पूरा अंचल, हजारों श्रद्धालुओं ने पूजन, अभिषेक और भंडारे में लिया पुण्य लाभ
कलयुग की कलम उमरिया पान – गुरु को भारतीय संस्कृति में ज्ञान, संस्कार और आत्मबोध का सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। इसी गुरु परंपरा के महापर्व गुरुपूर्णिमा पर उमरियापान अंचल के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र भरभरा सिद्धधाम, लोढ़ा पहाड़, हरदी कुटी आश्रम, महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ करौंदी, में श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और पूरा क्षेत्र भक्ति, वैदिक मंत्रोच्चार एवं जयघोष से गूंजता रहा।
भरभरा आश्रम में दिनभर लगा श्रद्धालुओं का मेला
भरभरा सिद्धधाम आश्रम में संतश्री बनवारीदास जी महाराज के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा महोत्सव अत्यंत भव्य रूप से मनाया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन आश्रम परिसर मेले जैसा दिखाई देता रहा और श्रद्धालुओं का तांता लगातार लगा रहा।
हरदी कुटी आश्रम में हुआ गुरु वंदन
उमरियापान के समीप हरदी कुटी आश्रम में ब्रह्मचारी संत कौशिल्यादास जी महाराज के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई। गुरु पूजन, आशीर्वाद और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
करौंदी महर्षि आश्रम में वैदिक परंपरा का दिव्य आयोजन
करौंदी स्थित महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ आश्रम के पतंजलि यज्ञमण्डपम परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ गुरु पूजन, अभिषेक और महाआरती संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा आश्रम परिसर आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु का पूजन कर सुख, समृद्धि एवं ज्ञान की कामना की।
उमरियापान में भी श्रद्धा के साथ मना गुरुपर्व
उमरियापान स्थित सरस्वती विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गुरुजनों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों ने गुरु महिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा का संदेश दिया।
पूरा क्षेत्र रहा गुरु भक्ति के रंग में रंगा
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों, आश्रमों और शिक्षण संस्थानों में दिनभर धार्मिक आयोजन होते रहे। श्रद्धालुओं ने गुरु को जीवन का पथप्रदर्शक मानते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की और सुख-समृद्धि की कामना की। भक्ति, सेवा, सत्संग और आध्यात्मिक वातावरण से पूरा अंचल गुरु महिमा के रंग में रंगा नजर आया।
हीरो अमित मोटर्स,उमरियापान–ढीमरखेड़ा रोड, माधव मैरिज हॉल के सामने शाखा: ढीमरखेड़ा (पेट्रोल पंप के पास)आज ही विजिट करें, अपनी मनपसंद Hero बाइक घर ले जाएँ!




