बच्चों के खेल मैदान पर चला ट्रैक्टर, ग्रामीणों में आक्रोश: शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में, कब्जे का मामला तहसील न्यायालय पहुंचा,भटकवां गांव में स्कूल के सामने स्थित खेल मैदान जोतने का आरोप, पटवारी ने पंचनामा बनाकर दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बच्चों के खेल मैदान पर चला ट्रैक्टर, ग्रामीणों में आक्रोश: शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में, कब्जे का मामला तहसील न्यायालय पहुंचा,भटकवां गांव में स्कूल के सामने स्थित खेल मैदान जोतने का आरोप, पटवारी ने पंचनामा बनाकर दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
KKK NEWS उमरिया पान – जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत भटकवां में शासकीय स्कूल के सामने स्थित खेल मैदान पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने मैदान पर कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर चलवाकर भूमि की जुताई करा दी, जिससे बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित और समतल मैदान उपयोग के योग्य नहीं रह गया। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने तत्काल प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मैदान लंबे समय से गांव के बच्चों के खेलकूद और विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के लिए उपयोग में आता रहा है। मैदान की जुताई किए जाने से बच्चों की खेल गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी चिंता जताई है।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पंचायत सचिव से शिकायत की। शिकायत पर पंचायत सचिव ने तत्काल हल्का पटवारी शुभेंद्र तिवारी को मौके पर बुलाया। राजस्व अमले ने स्थल का निरीक्षण कर दिलराज सिंह,सुदर्शन यादव,दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया और आवश्यक राजस्व कार्रवाई करते हुए प्रकरण को आगे की सुनवाई एवं निर्णय के लिए तहसील न्यायालय भेज दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि गांव के बच्चों को फिर से सुरक्षित वातावरण में खेलकूद की सुविधा मिल सके। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है और न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



