प्रशासनमध्यप्रदेश

बड़वारा विधानसभा के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात की पहल: ढीमरखेड़ा, सिलौंडी और उमरियापान कॉलेजों में पीजी कक्षाएं शुरू कराने की मांग,भोपाल में उच्च शिक्षा मंत्री से मिले विधायक धीरेंद्र सिंह, स्नातक के बाद पढ़ाई न रुके इसलिए सौंपा मांग-पत्र

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़वारा विधानसभा के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात की पहल: ढीमरखेड़ा, सिलौंडी और उमरियापान कॉलेजों में पीजी कक्षाएं शुरू कराने की मांग,भोपाल में उच्च शिक्षा मंत्री से मिले विधायक धीरेंद्र सिंह, स्नातक के बाद पढ़ाई न रुके इसलिए सौंपा मांग-पत्र

कलयुग की कलम उमरिया पान – बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में विधायक धीरेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने भोपाल पहुंचकर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात की और विधानसभा क्षेत्र के ढीमरखेड़ा, सिलौंडी एवं उमरियापान शासकीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।

इस दौरान विधायक ने मंत्री को मांग-पत्र सौंपते हुए बताया कि क्षेत्र के अनेक छात्र-छात्राएं स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद पीजी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने या दूर-दराज के शहरों का रुख करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने आग्रह किया कि ढीमरखेड़ा, सिलौंडी और उमरियापान के शासकीय महाविद्यालयों में जल्द से जल्द स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ की जाएं, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके और उनकी पढ़ाई आर्थिक या भौगोलिक कारणों से प्रभावित न हो।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विधायक की मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों को उम्मीद है कि सरकार शीघ्र निर्णय लेकर इन महाविद्यालयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू करेगी, जिससे ग्रामीण अंचल के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

Related Articles

Back to top button