नशे के खिलाफ लगातार सख्त हो रही पुलिस खमतरा बिचुआ मोड़ पर पुलिस का शिकंजा: 2 किलो 567 ग्राम गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, गांजे के साथ बाइक और स्कूटी भी जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

नशे के खिलाफ लगातार सख्त हो रही पुलिस खमतरा बिचुआ मोड़ पर पुलिस का शिकंजा: 2 किलो 567 ग्राम गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, गांजे के साथ बाइक और स्कूटी भी जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 2 किलो 567 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को ग्राम खमतरा बिचुआ मोड़ स्थित मुख्य मार्ग पर दो संदिग्ध युवक अपने-अपने वाहनों के साथ खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पहले आरोपी मुकेश बैगा (28 वर्ष) निवासी ग्राम ताला, थाना चंदिया के कब्जे से 1 किलो 240 ग्राम गांजा तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपी प्रकाश राय (21 वर्ष) निवासी ग्राम बड़खेरा के पास से 1 किलो 327 ग्राम गांजा और एक स्कूटी जब्त की गई। इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 2 किलो 567 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास तथा आरक्षक पंकज सिंह, अजय सिंह, जोगेश्वर कुंजाम, डुमनदास, गर्धव सिंह और देवेंद्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



