कटनी से उठी कलमकारों की हुंकार: पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान,प्रदेश कार्यसमिति में पत्रकार भवन, सुरक्षा कानून और संगठन की मजबूती पर मंथन; पद्मश्री बाबूलाल दाहिया बोले— “पत्रकार और साहित्यकार स्वाभिमानी सहोदर”
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी से उठी कलमकारों की हुंकार: पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान,प्रदेश कार्यसमिति में पत्रकार भवन, सुरक्षा कानून और संगठन की मजबूती पर मंथन; पद्मश्री बाबूलाल दाहिया बोले— “पत्रकार और साहित्यकार स्वाभिमानी सहोदर”
कलयुग की कलम कटनी – मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की पांचवीं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को कटनी में उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकार प्रतिनिधियों ने पत्रकारों के अधिकार, पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार भवन निर्माण तथा संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर आगामी रणनीति तय करते हुए संगठन ने एकजुट होकर संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार और साहित्यकार स्वाभिमानी सहोदर हैं। उन्होंने क्षेत्रीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण पर जोर देते हुए कटनी अंचल की उपेक्षित “पटेरी” बोली को पहचान दिलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्कृति और भाषा का संरक्षण समाज की पहचान को मजबूत करता है।
बैठक में प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय की मांग करते हुए कहा कि यदि लंबे समय तक यह विषय लंबित रहा तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगा। उन्होंने सभी जिला इकाइयों से अभी से संगठित होकर आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
पत्रकार भवन निर्माण पर जनप्रतिनिधियों ने दिया भरोसा
बैठक में उपस्थित बड़वारा विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। क्षेत्र की वास्तविक समस्याएं पत्रकार ही सामने लाते हैं और नई पीढ़ी भी समाचार-पत्रों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करती है। उन्होंने बड़वारा और ढीमरखेड़ा क्षेत्र में पत्रकार भवन की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
कटनी विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि कटनी प्राकृतिक संपदा और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। उन्होंने पत्रकार भवन के लिए पहले उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने और उसके बाद शासन स्तर पर आर्थिक स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिलाया।
महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि पत्रकार केवल समस्याएं उजागर ही नहीं करें, बल्कि उनके समाधान होने पर भी सकारात्मक खबरों को प्रमुखता दें, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सुरक्षा कानून और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून के मसौदे, संगठन की आगामी कार्ययोजना तथा विभिन्न प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष शिशुपाल तोमर ने संगठन का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। महासचिव सुनील त्रिपाठी का प्रतिवेदन उनकी अनुपस्थिति में प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया ने सदन के समक्ष रखा। संगठन प्रभारी मोहम्मद अली ने पूर्व में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन कराया और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
विधि प्रकोष्ठ संयोजक संदीप शर्मा ने संगठन से जुड़े कानूनी विषयों पर जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के नाम के दुरुपयोग से संबंधित मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों ने दिखाई एकजुटता
कार्यसमिति में भोपाल, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, छतरपुर, शहडोल, उमरिया, मंडला, नरसिंहपुर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, दतिया, शिवपुरी, गुना, भिंड, खंडवा, खरगोन, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, रतलाम, मुरैना सहित प्रदेश की अनेक जिला इकाइयों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से हुआ। संचालन डॉ. पारस जैन और डॉ. रौशनी विलईया ने किया।
कटनी इकाई की मेजबानी रही सराहनीय
जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में कटनी जिला इकाई ने आयोजन की सफल मेजबानी की। इस अवसर पर संगठन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व जिला अध्यक्षों तथा प्रदेशभर से आए अध्यक्षों एवं महासचिवों का सम्मान किया गया।
आयोजन की सफलता में महासचिव अज्जू सोनी, आशीष सोनी, डॉ. मनोज खरे, सजल जैन, अनंत गुप्ता, संतोष तोमर, नुनेश्वर पुरी, सूरज सुवेदी, अमित जैन, सुरेश उसरेटे, डॉ. ज्योति राजपूत, रश्मि, दीपिका खम्परिया, लालू कुशवाहा, राकेश यादव, गोकुल दीक्षित, सुशील मिश्रा, सतीष चौरसिया, सोमनाथ पटेल,सानू तिवारी, सुखचैन पटेल, मुकेश यादव, प्रीतम बर्मन, अमित विश्वकर्मा, सुनील दुबे, सपना बर्मन, गोविंद गिरी, हिमांशु बर्मन,सहित जिला इकाई के अनेक सदस्यों का विशेष योगदान रहा।



