प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी को मिलेगी नई पहचान: बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक हब, स्मार्ट शिक्षा, उद्योग और एयर कनेक्टिविटी से खुलेगा विकास का नया अध्याय,उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का बड़ा विजन, प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 10 हजार स्मार्ट क्लासेस का किया ऐलान, सांसद वी.डी. शर्मा बोले— अब ‘गोल्ड सिटी’ के नाम से भी चमकेगा कटनी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी को मिलेगी नई पहचान: बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक हब, स्मार्ट शिक्षा, उद्योग और एयर कनेक्टिविटी से खुलेगा विकास का नया अध्याय,उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का बड़ा विजन, प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 10 हजार स्मार्ट क्लासेस का किया ऐलान, सांसद वी.डी. शर्मा बोले— अब ‘गोल्ड सिटी’ के नाम से भी चमकेगा कटनी

कलयुग की कलम कटनी – कटनी को मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक और व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में शनिवार को आयोजित ‘कटनी के सर्वांगीण विकास पर सार्थक संवाद’ कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और दूरगामी सुझाव सामने आए। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह और खजुराहो सांसद डॉ. विष्णुदत्त (वी.डी.) शर्मा ने जिले के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया।

एक निजी समाचार पत्र समूह की पहल पर आयोजित इस संवाद में उद्योग, व्यापार, शिक्षा, अधोसंरचना और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने कटनी के समग्र विकास के लिए अपने सुझाव भी रखे।

कटनी बनेगा प्रदेश का लॉजिस्टिक और औद्योगिक केंद्र

मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि कटनी में औद्योगिक विकास, पर्यटन और कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इन तीनों क्षेत्रों का संतुलित विकास जिले को आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि कटनी केवल ‘मिनरल सिटी’ और ‘मार्बल सिटी’ ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश का सबसे महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक हब बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और केन-बेतवा लिंक सहित कई बड़ी जल परियोजनाएं कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाएंगी।

10 हजार स्मार्ट क्लासेस से बदलेगी शिक्षा व्यवस्था

प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेशभर में 10 हजार स्मार्ट क्लासेस शुरू करने जा रही है, जिससे करीब 4 लाख विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 तक प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तकनीक आधारित और सर्वसुविधायुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जाएगा।

मंत्री ने यह भी बताया कि अगस्त से कटनी को इंदौर, ग्वालियर और बालाघाट जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए नई बस सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

अब ‘गोल्ड सिटी’ के नाम से भी पहचाना जाएगा कटनी

खजुराहो सांसद डॉ. वी.डी. शर्मा ने कहा कि कटनी की पहचान अब केवल लाइम और मार्बल सिटी तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में यह शहर ‘गोल्ड सिटी’ के रूप में भी अपनी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने कटनी की धरती को ‘रत्नगर्भा’ बताते हुए कहा कि यहां खनिज संपदा और औद्योगिक संभावनाएं प्रदेश के विकास में बड़ी भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने बताया कि कटनी में मल्टी लॉजिस्टिक्स हब स्थापित करने की दिशा में जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। साथ ही रेल और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ एयर स्ट्रिप विकसित करने के प्रयास भी तेज किए जाएंगे।

स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने पर जोर

सांसद ने कहा कि इंदौर मॉडल की तर्ज पर कटनी को भी स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए प्रशासन, उद्योग जगत और नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने शहर में ट्रैफिक प्रबंधन, नशा नियंत्रण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

उद्योग और तकनीकी शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

संवाद के दौरान उद्योगपतियों और विशेषज्ञों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वरिष्ठ उद्योगपति सुधीर मिश्रा ने वरिष्ठ उद्यमियों के लिए विशेष औद्योगिक नीति बनाने की आवश्यकता बताई। युवा उद्यमी गुंजन गोयनका ने बंद खदानों के पुनर्विकास, शहर के सौंदर्यीकरण और फुटपाथ विकास का प्रस्ताव रखा।

मीता अग्रवाल ने कटनी में पासपोर्ट कार्यालय और एयरपोर्ट की आवश्यकता जताई, जबकि उद्योगपति मयंक गुगालिया ने खनिज आधारित उद्योगों की जरूरतों को देखते हुए माइनिंग और तकनीकी शिक्षा से जुड़े विशेष पाठ्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर समाचार पत्र समूह के विशेष अंक का विमोचन किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, समाचार पत्र समूह के प्रबंधन, उद्योगपति, लेखक, शिक्षाविद् और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button