प्रशासनमध्यप्रदेश

लमतरा फाटक पर बड़ी घटना बस-हाइवा की भीषण भिड़ंत में 3 की दर्दनाक मौत, 26 यात्री घायल,हादसे के बाद मचा कोहराम, कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल; सांसद वीडी शर्मा ने जाना घायलों का हाल

कलयुग की कलम से राकेश यादव

लमतरा फाटक पर बड़ी घटना बस-हाइवा की भीषण भिड़ंत में 3 की दर्दनाक मौत, 26 यात्री घायल,हादसे के बाद मचा कोहराम, कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल; सांसद वीडी शर्मा ने जाना घायलों का हाल

कलयुग की कलम कटनी – जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। विजयराघवगढ़ की ओर जा रही एक यात्री बस और ओवरलोड हाइवा के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बस का अगला हिस्सा चकनाचूर, यात्रियों में मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार यात्री बस क्रमांक एमपी-19-पी-0347 विजयराघवगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लमतरा फाटक के पास सामने से आ रहे ओवरलोड हाइवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

कलेक्टर और एसपी ने संभाली मोर्चा, अस्पताल में की व्यवस्थाओं की समीक्षा

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा जिला चिकित्सालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण कर घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि किसी भी घायल के उपचार में लापरवाही न हो तथा गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए।

सांसद वीडी शर्मा ने घायलों से की मुलाकात

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकीय दल से उपचार की जानकारी ली तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सांसद ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इन लोगों की गई जान

दुर्घटना में जिन तीन लोगों की मृत्यु हुई, उनमें—नीलम चक्रवर्ती (23 वर्ष), निवासी बिजौरी,राजू चौधरी (30 वर्ष), निवासी ग्राम खरखरी,किशन कोल (30 वर्ष), निवासी कुठला कटनी शामिल हैं।

राहत एवं बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। घायलों के उपचार और परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

लमतरा फाटक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button