ढीमरखेड़ा में जनकल्याण शिविरों की तैयारियां तेज, कोई पात्र हितग्राही नहीं रहेगा योजनाओं से वंचित जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर समीक्षा बैठक, 15, 16 और 18 जून के शिविरों को सफल बनाने प्रशासन जुटा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा में जनकल्याण शिविरों की तैयारियां तेज, कोई पात्र हितग्राही नहीं रहेगा योजनाओं से वंचित जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर समीक्षा बैठक, 15, 16 और 18 जून के शिविरों को सफल बनाने प्रशासन जुटा
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनकल्याण शिविरों के प्रभावी संचालन एवं अधिकतम हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर आगामी 15, 16 एवं 18 जून को मंगल भवन ढीमरखेड़ा में आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे और शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
“हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ”
बैठक में सीईओ युजवेंद्र कोरी ने कहा कि जनकल्याण शिविर केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में पूरी गंभीरता बरतें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री संबल योजना, समग्र ई-केवाईसी, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं छठवें वित्त आयोग से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
संबल पंजीयन और ई-केवाईसी पर विशेष फोकस
समीक्षा के दौरान श्री कोरी ने नवीन संबल पंजीयन, अनुग्रह सहायता प्रकरणों और समग्र ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा पात्र हितग्राहियों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर
बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
जनकल्याण शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए श्री कोरी ने अधिकारियों को गांव-गांव प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक सूचना समय पर पहुंचे, ताकि वे शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में सहायक यंत्री, पंचायत समन्वय अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, उपयंत्री तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।



