प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में एक्शन मोड में नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक: पदभार संभालते ही सड़कों पर उतरे, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की ली विस्तृत जानकारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में एक्शन मोड में नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक: पदभार संभालते ही सड़कों पर उतरे, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की ली विस्तृत जानकारी

कलयुग की कलम कटनी – जिले के नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद सक्रिय कार्यशैली का परिचय देते हुए शहर का व्यापक भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस व्यवस्था की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली परिसर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, परिसर की साफ-सफाई, जनसुनवाई व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने थाना माधवनगर क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और महत्वपूर्ण यातायात बिंदुओं का भ्रमण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली, चुनौतियों और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

श्री मौर्य ने निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ यातायात संचालन को व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जाए। उन्होंने आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए जनविश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासित, जिम्मेदार और जनहित केंद्रित कार्यशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के इस सक्रिय निरीक्षण को जिले में बेहतर कानून व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button