प्रशासनमध्यप्रदेश

बहोरीबंद में विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा: लापरवाह पंचायतों को चेतावनी, बेहतर कार्य करने वालों की हुई सराहना,जनकल्याण शिविर, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर प्रशासन सख्त, ग्राम पंचायतवार प्रगति का लिया गया विस्तृत जायजा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बहोरीबंद में विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा: लापरवाह पंचायतों को चेतावनी, बेहतर कार्य करने वालों की हुई सराहना,जनकल्याण शिविर, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर प्रशासन सख्त, ग्राम पंचायतवार प्रगति का लिया गया विस्तृत जायजा

कलयुग की कलम बहोरीबंद – ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनपद पंचायत बहोरीबंद में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनकल्याण शिविरों के आयोजन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का ग्राम पंचायतवार विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार आयोजित इस समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत बहोरीबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार झा ने ग्राम पंचायतों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान श्री झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ सुनना तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्राम पंचायतवार योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों की सराहना की और उन्हें अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

वहीं अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने वाली ग्राम पंचायतों को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में मनरेगा के अंतर्गत रोजगार सृजन, प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत आवासों की प्रगति, स्वच्छता संबंधी गतिविधियों, जनकल्याण शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही निर्माणाधीन विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, विभिन्न योजनाओं के प्रभारी अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में अधिक सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण विकास की गति को तेज करने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह समीक्षा बैठक पंचायतों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button