गांव-गांव पहुंच रही ढीमरखेड़ा पुलिस, साइबर ठगी से लेकर महिला सुरक्षा तक दे रही जागरूकता की सीख,ग्राम चौपाल और स्कूलों में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने ग्रामीणों व विद्यार्थियों को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी महत्वपूर्ण जानकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांव-गांव पहुंच रही ढीमरखेड़ा पुलिस, साइबर ठगी से लेकर महिला सुरक्षा तक दे रही जागरूकता की सीख,ग्राम चौपाल और स्कूलों में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने ग्रामीणों व विद्यार्थियों को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी महत्वपूर्ण जानकारी
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – आमजन को सुरक्षा संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना ढीमरखेड़ा पुलिस द्वारा विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना प्रभारी श्री अभिषेक चौबे ग्राम चौपालों और विद्यालयों में पहुंचकर ग्रामीणों तथा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि साइबर ठगी की घटनाओं से बचने के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम या आधार से जुड़ी जानकारी साझा न करें। साथ ही महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों की रोकथाम, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
पुलिस द्वारा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा महिला एवं बाल सहायता के लिए 1090 और 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
थाना प्रभारी श्री चौबे ने उपस्थित लोगों से पुलिस और समाज के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान करते हुए उन्हें “पुलिस मित्र” बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव होते हैं।
ढीमरखेड़ा पुलिस की इस पहल को ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने सराहा तथा सुरक्षा संबंधी विषयों पर मिली जानकारी को उपयोगी बताया। अभियान का उद्देश्य लोगों को सतर्क, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है, ताकि समाज को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।



