12 मई को जिला पंचायत में बड़ी समीक्षा बैठक पेयजल, आवास, मनरेगा और जल जीवन मिशन के कार्यों पर होगी कड़ी समीक्षा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

12 मई को जिला पंचायत में बड़ी समीक्षा बैठक पेयजल, आवास, मनरेगा और जल जीवन मिशन के कार्यों पर होगी कड़ी समीक्षा
कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए 12 मई को जिला पंचायत सभाकक्ष में अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर करेंगी। दोपहर 2:30 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में जिले की कई महत्वपूर्ण योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा होगी और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में अपूर्ण आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण, वाटर हार्वेस्टिंग कार्य, जल जीवन मिशन की प्रगति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता की स्थिति पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा मनरेगा, पंचायत निर्माण कार्य, 15वें वित्त आयोग की योजनाएं, मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के संतोषजनक निराकरण को लेकर भी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित विभागों के शाखा प्रभारियों, सहायक यंत्रियों, उपयंत्रियों, एपीओ-एएओ मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के विकासखंड समन्वयकों, एनआरएलएम ब्लॉक मैनेजरों, सीडीपीओ, एसडीओ पीएचई तथा जनपद शिक्षा केंद्रों के विकासखंड स्रोत समन्वयकों को निर्धारित एजेंडा के अनुसार पूरी तैयारी के साथ समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति और लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाया जा सकता है। जिला पंचायत प्रशासन ने सभी अधिकारियों से अद्यतन जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने को कहा है।



