प्रशासनमध्यप्रदेश

सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की बड़ी ढाल: कटनी ने समय से पहले पूरा किया एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य,12 हजार 614 किशोरियों को लगा मुफ्त टीका, कई विकासखंडों ने 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि दर्ज की

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की बड़ी ढाल: कटनी ने समय से पहले पूरा किया एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य,12 हजार 614 किशोरियों को लगा मुफ्त टीका, कई विकासखंडों ने 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि दर्ज की

कलयुग की कलम कटनी – किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में कटनी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य को समय से पहले पूरा करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण का मुकाम हासिल कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय कार्यप्रणाली और प्रशासन की सतत निगरानी के चलते यह अभियान जिले में सफलता की नई मिसाल बन गया है।

जिले को कुल 12 हजार 613 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध अब तक 12 हजार 614 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यह उपलब्धि न केवल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि अभिभावकों की जागरूकता और सहयोग को भी रेखांकित करती है।

कई विकासखंड लक्ष्य से आगे

टीकाकरण अभियान में कटनी नगर ने 100.53 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर जिले में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं ढीमरखेड़ा ने 100.40 प्रतिशत, रीठी ने 100.16 प्रतिशत और मुरवारा (कटनी) ने 100.07 प्रतिशत टीकाकरण कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की। बड़वारा और बरही ने भी शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है। विजयराघवगढ़ 99.64 प्रतिशत और बहोरीबंद 99.38 प्रतिशत के साथ लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।

कलेक्टर ने टीम की सराहना की

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने इस सफलता पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, जागरूकता और सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जिन किशोरियों का टीकाकरण अभी शेष है, वे तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ लें। शासन द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बाजार में महंगा, सरकार दे रही मुफ्त सुरक्षा

विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन बाजार में लगभग 4 हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है, लेकिन शासन इसे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। यह वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है और किशोरियों को भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाने के लिए प्रभावी सुरक्षा कवच मानी जाती है।

यू-विन पोर्टल पर जारी है पंजीकरण

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए यू-विन सेल्फ रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा जारी है। अभिभावक अपनी बेटियों का पंजीकरण कराकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण करवा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button