सब जेल सिहोरा में स्वास्थ्य व न्याय की पहल: 93 बंदियों का हुआ परीक्षण, विधिक सहायता शिविर से मिली राहत
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सब जेल सिहोरा में स्वास्थ्य व न्याय की पहल: 93 बंदियों का हुआ परीक्षण, विधिक सहायता शिविर से मिली राहत
कलयुग की कलम सिहोरा – न्याय और स्वास्थ्य सेवाओं को एक साथ जोड़ते हुए सब जेल सिहोरा में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक सहायता शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें बंदियों को चिकित्सा और कानूनी दोनों स्तरों पर राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश श्यामसुंदर झा की उपस्थिति में पैनल वकीलों और पैरालीगल वॉलंटियर्स ने बंदियों को विधिक सहायता संबंधी जानकारी दी। शिविर के दौरान बंदियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी विकल्पों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
93 बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
मेडिकल कॉलेज जबलपुर के आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, जेल चिकित्सक डॉ. आर.पी. त्रिपाठी एवं सिविल अस्पताल सिहोरा की लैब टीम द्वारा कुल 93 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान एचआईवी, सिफलिस और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच भी की गई। राहत की बात यह रही कि कोई भी बंदी गंभीर बीमारी से ग्रसित नहीं पाया गया।
व्यवस्थाओं की सराहना
इस शिविर के सफल आयोजन के लिए जेलर दिलीप नायक द्वारा जेल परिसर में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन पर उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, न्यायाधीशगण एवं चिकित्सक दल का आभार व्यक्त किया।
शिविर में तहसील विधिक सेवा समिति सिहोरा के सदस्य एवं जेल स्टाफ भी मौजूद रहे। इस पहल से न केवल बंदियों के स्वास्थ्य की जांच सुनिश्चित हुई, बल्कि उन्हें न्यायिक सहायता की दिशा में भी जागरूक किया गया।



