किसानों को बड़ी राहत: गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग 9 मई तक बढ़ी, सभी श्रेणी के किसानों को खुली सुविधा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

किसानों को बड़ी राहत: गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग 9 मई तक बढ़ी, सभी श्रेणी के किसानों को खुली सुविधा
कलयुग की कलम कटनी – समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन को लेकर जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब छोटे, मध्यम और बड़े—सभी श्रेणी के किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा पूरी तरह खोल दी गई है। साथ ही स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि को 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई 2026 कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक किसान अपनी उपज आसानी से बेच सकेंगे।
हर शनिवार भी होगी खरीदी
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक शनिवार को भी स्लॉट बुकिंग और गेहूं उपार्जन का कार्य जारी रहेगा। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाए।
रिकॉर्ड खरीदी, हजारों किसानों को लाभ
जिले में अब तक 4,587 किसानों से 14,237 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है, जबकि 23,583 किसान स्लॉट बुकिंग कर चुके हैं। प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बढ़ाई गई तौल क्षमता, तेज होगी प्रक्रिया
उपार्जन केंद्रों पर खरीदी क्षमता को बढ़ाते हुए प्रति केंद्र 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 2250 क्विंटल प्रतिदिन कर दिया गया है। साथ ही तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 कर दी गई है, जिससे अधिक किसानों की उपज का समय पर तौल संभव हो सके।
आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्र
सलैया पटोरी अत्याधुनिक साइलो केंद्र में अब तक 390 किसानों से 1427 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। सभी केंद्रों पर बारदाना, तौल कांटे, हम्माल, कंप्यूटर, इंटरनेट, गुणवत्ता जांच उपकरण सहित आवश्यक संसाधनों की पुख्ता व्यवस्था की गई है। किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
समर्थन मूल्य पर आकर्षक भुगतान
किसानों से गेहूं की खरीदी ₹2585 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के साथ राज्य सरकार द्वारा ₹40 बोनस जोड़कर कुल ₹2625 प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
इस निर्णय से स्पष्ट है कि प्रशासन किसानों को समय पर उचित मूल्य दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले में इस पहल से किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।



