कटनी में गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड 6 आरोपी गिरफ्तार, 14 लाख का मशरूका जप्त; गोदामों को बना रहे थे निशाना
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड 6 आरोपी गिरफ्तार, 14 लाख का मशरूका जप्त; गोदामों को बना रहे थे निशाना
कलयुग की कलम कटनी -कटनी जिले में गैस गोदामों से सिलेंडर चोरी करने वाले एक शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बड़वारा एवं बिलहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 57 गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपए आंकी गई है।
लगातार हो रही चोरी से पुलिस थी सतर्क
एनकेजे, बिलहरी एवं बड़वारा थाना क्षेत्रों में गैस सिलेंडर चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (आईपीएस) ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 17 जनवरी 2026 की रात बिलहरी स्थित भारत गैस गोदाम से 44 सिलेंडर चोरी होने की घटना के बाद पुलिस ने सघन जांच और तलाशी अभियान शुरू किया।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्य बने अहम कड़ी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कन्हवारा–विजयराघवगढ़ मार्ग पर संदिग्ध पिकअप वाहन को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में खुला पूरा गिरोह
पिकअप वाहन चला रहे सन्नी दाहिया से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने अन्य साथियों मनोज उर्फ रोहित, संदीप काछी, सलोक कुशवाहा एवं मंजू उर्फ जयदेव पटेल के नाम उजागर किए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बिलहरी के साथ-साथ बड़वारा और एनकेजे क्षेत्र से भी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर चोरी किए थे।
खरीददार भी गिरफ्त में
चोरी किए गए सिलेंडरों में से कुछ को आरोपियों ने नासिर हुसैन (निवासी लमतरा) को बेच दिया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अब तक कुल 57 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें—भारत गैस : 24 सिलेंडर इंडेन गैस : 28 सिलेंडर एचपी गैस : 03 सिलेंडर वाहन : एक पिकअप वाहन एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल
पुलिस के अनुसार, अभी 47 और सिलेंडरों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।



