प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में सेना भर्ती का महासंग्राम 13 से 24 फरवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, 15 जिलों के हजारों युवा होंगे शामिल

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में सेना भर्ती का महासंग्राम 13 से 24 फरवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, 15 जिलों के हजारों युवा होंगे शामिल

कलयुग की कलम कटनी – भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना संजोए युवाओं के लिए सुनहरा अवसर आ रहा है। सेना भर्ती कार्यालय मुख्यालय जबलपुर के तत्वावधान में कटनी जिले के झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में 13 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में मध्यप्रदेश के 15 जिलों से हजारों युवा चयन प्रक्रिया में भाग लेंगे।

कलेक्टर ने दिए पुख्ता तैयारियों के निर्देश

अग्निवीर भर्ती रैली के सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं अनुशासन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया, सेना के डायरेक्टर रिक्रूटमेंट जबलपुर रितिक खानजोड़े, आरएमओ हेडक्वार्टर मेजर राहुल दास, सहायक रिक्रूटिंग ऑफिसर सूबेदार मेजर जगजीवन सिंह, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी, कार्यपालन यंत्री एमपीईबी मुकेश महोबे सहित पीडब्ल्यूडी, परिवहन, नगर निगम, वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

15 जिलों के युवा होंगे शामिल

झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाली इस भर्ती रैली में कटनी के साथ-साथ जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली एवं उमरिया जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्रतिदिन लगभग 700 से 800 अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।

सुविधाओं पर विशेष जोर

कलेक्टर ने यातायात व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। नगर निगम को चलित शौचालय, पानी के टैंकर एवं पर्याप्त सफाई कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी को बैरिकेटिंग, जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक को सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर व प्रिंटर की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। रैली स्थल पर फायर ब्रिगेड वाहन एवं मेडिकल स्टाफ के साथ एंबुलेंस तैनात रहेगी।

फिजिकल टेस्ट और चयन प्रक्रिया

डायरेक्टर रिक्रूटमेंट रितिक खानजोड़े ने भर्ती रैली की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रैली में महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण किया जाएगा। दौड़ ट्रैक, मेडिकल परीक्षण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है।

इन पदों के लिए होगा चयन

इस भर्ती रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क एवं ट्रेड्समैन पदों पर चयन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

कटनी में आयोजित होने जा रही यह अग्निवीर भर्ती रैली क्षेत्र के युवाओं के लिए भारतीय सेना में सेवा का बड़ा अवसर लेकर आ रही है, जिसे लेकर प्रशासन एवं सेना की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button