Blog

जबलपुर में हाईवे पर स्पीड से दौड़ती कार हुई अचानक बेकाबू, 2 की मौत, 7 की हालत नाजुक..

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर में एक कार ने कई लोगों को रौंद दिया है। बताया जा रहा है कि हाईवे पर स्पीड से दौड़ती कार अचानक बेकाबू हो गई और लोगों को रौंदते चली गई। कार की चपेट में करीब 20 लोग आए। हादसे से मौके पर हाहाकार मच गया। मौके पर घायल लोग और उनके परिजन चीखपुकार मचाने लगे। राहगीरों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। दुर्घटना में घायल 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

करीब 2 दर्जन मजदूर काम में लगे थे

जबलपुर के बरेला में यह हादसा हुआ। रविवार को यहां एक बेकाबू कार मजदूरों को रौंदते हुए चली गई। बरेला के एकता चौक पर सड़क के डिवाइडर की सफाई का काम चल रहा था। वहां करीब 2 दर्जन मजदूर काम में लगे थे। दोपहर करीब 2 बजे मजदूर जब भोजन कर रहे थे तभी एक तेज रफ्तार सफेद कार उन्हें रौंदते हुए चली गई। हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि 7 घायलों की हालत नाजुक है।

हादसे से मौके पर अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों और घायल मजदूर महंत उइके ने बताया कि कार इतनी तेजी से आई कि कुछ समझ ही नहीं आया। पलक झपकते ही लोग सड़क पर घायल अवस्था में मदद की गुहार लगाने लगे। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस और डायल 108 मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। आसपास के CCTV कैमरों और टोल के फुटेज खंगालकर कार चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button