उमरियापान पुलिस की 48 घंटे की कार्रवाई,अवैध शराब के कारोबारियों और नशे में वाहन दौड़ाने वालों पर उमरियापान पुलिस का बड़ा शिकंजा,48 घंटे के विशेष अभियान में 8 पर कार्रवाई, 6 शराब आरोपी गिरफ्तार; नशे में बाइक और XUV चला रहे दो चालक भी पकड़े, दोनों वाहन जब्त
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान पुलिस की 48 घंटे की कार्रवाई,अवैध शराब के कारोबारियों और नशे में वाहन दौड़ाने वालों पर उमरियापान पुलिस का बड़ा शिकंजा,48 घंटे के विशेष अभियान में 8 पर कार्रवाई, 6 शराब आरोपी गिरफ्तार; नशे में बाइक और XUV चला रहे दो चालक भी पकड़े, दोनों वाहन जब्त
कलयुग की कलम उमरिया पान – अवैध शराब के कारोबार और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ उमरियापान पुलिस ने लगातार 48 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 13 और 14 सितंबर को सघन चेकिंग एवं दबिश की कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 2 चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल और महिंद्रा XUV 500 वाहन जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उमरियापान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
इटमा और जमुनिया में पुलिस की दबिश
अभियान के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए ग्राम इटमा और जमुनिया में चिन्हित स्थानों पर दबिश दी। इटमा में अवैध रूप से शराब बेचने और लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम जमुनिया में अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार इटमा निवासी प्रकाश पटेल (40) एवं शिव कोल (39) तथा जमुनिया निवासी कौशल कोल (27), दसईराम कोल (52) और सतीश कोल (30) के अलावा ग्राम टोला निवासी किशोरीलाल बसोर (45) को अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
नशे में बाइक और XUV दौड़ाना पड़ा भारी
विशेष वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। डिघरी मझगवां निवासी संदीप कोल पिता इमरत कोल (30) को अत्यधिक शराब के नशे में हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चलाते पकड़ा गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
इसी तरह बघराजी निवासी बृजेश विश्वकर्मा (46) को लाल रंग की महिंद्रा XUV 500 कार अत्यधिक नशे की हालत में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से वाहन जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।
न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक आबकारी अधिनियम के प्रकरणों में गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस की सख्ती से अवैध कारोबारियों में हड़कंप
उमरियापान पुलिस की लगातार 48 घंटे चली इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों और नशे में वाहन चलाने वालों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री अथवा सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



