उमरियापान को जल्द मिलेगा आधुनिक सांदीपनि विद्यालय? मुख्यमंत्री से मिले विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, नए भवन के लिए मांगी तत्काल स्वीकृति, छात्रों के लिए विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों से युक्त होगा भवन,
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान को जल्द मिलेगा आधुनिक सांदीपनि विद्यालय? मुख्यमंत्री से मिले विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, नए भवन के लिए मांगी तत्काल स्वीकृति, छात्रों के लिए विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों से युक्त होगा भवन,
भोपाल /कटनी
कलयुग की कलम उमरिया पान – बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने आज शुक्रवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने उमरियापान में संचालित शासकीय सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत किए जाने संबंधी मांग-पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उमरियापान का सांदीपनि विद्यालय वर्तमान में पुराने एवं अनुपयुक्त भवन में संचालित हो रहा है। भवन की सीमित सुविधाओं के कारण विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है, अब केवल निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति अपेक्षित है।
ज्ञापन में विधायक ने आग्रह किया कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नवीन सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण के लिए शीघ्र राशि जारी की जाए, ताकि आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों से युक्त भवन का निर्माण कराया जा सके।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। आधुनिक विद्यालय भवन बनने से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार होगा।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए इस मांग-पत्र की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर कटनी तथा जिला शिक्षा अधिकारी कटनी को भी प्रेषित की गई है।
क्षेत्रवासियों और अभिभावकों को उम्मीद है कि शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय लेकर विद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सकेगी।



