प्रशासनमध्यप्रदेश

छात्रों की सुविधाओं पर नहीं होगी कोई समझौता: ढीमरखेड़ा सीईओ ने छात्रावास और मॉडल स्कूल में की औचक जांच,झिन्ना पिपरिया छात्रावास और बरेली रामपुर मॉडल स्कूल का निरीक्षण, शिक्षा गुणवत्ता, सुरक्षा, भोजन और डिजिटल संसाधनों की बिंदुवार परखी व्यवस्थाएं

कलयुग की कलम से राकेश यादव

छात्रों की सुविधाओं पर नहीं होगी कोई समझौता: ढीमरखेड़ा सीईओ ने छात्रावास और मॉडल स्कूल में की औचक जांच,झिन्ना पिपरिया छात्रावास और बरेली रामपुर मॉडल स्कूल का निरीक्षण, शिक्षा गुणवत्ता, सुरक्षा, भोजन और डिजिटल संसाधनों की बिंदुवार परखी व्यवस्थाएं

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले में छात्रावासों और शासकीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने शुक्रवार को राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह शासकीय सीनियर बालक छात्रावास, झिन्ना पिपरिया तथा शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरेली रामपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री कोरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को शासन की सभी सुविधाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए तथा विद्यालयों में उपलब्ध कंप्यूटर, टीवी, टैब और क्यूआर कोड आधारित शिक्षण सामग्री का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

छात्रावास में उन्होंने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध पलंग, दरी, चादर, कंबल, मच्छरदानी, रसोईघर, स्नानगृह, साफ-सफाई, डस्टबिन व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति की भी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

सीईओ श्री कोरी ने छात्रावास की अधोसंरचना, रखरखाव और समग्र प्रबंधन की समीक्षा करते हुए संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित निरीक्षण पैरामीटर के प्रत्येक बिंदु पर सूक्ष्म परीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले के छात्रावासों और विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराया जा रहा है। वहीं जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सुविधाओं और संस्थागत व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रही हैं।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय एवं छात्रावास के शिक्षक, अधीक्षक तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button