प्रशासनमध्यप्रदेश

विद्यालयों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: बहोरीबंद सीईओ का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्त निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

विद्यालयों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: बहोरीबंद सीईओ का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्त निर्देश

कलयुग की कलम बहोरीबंद – सरकारी विद्यालयों में चल रहे मेजर मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखने के लिए जनपद पंचायत बहोरीबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार झा ने शुक्रवार को आधा दर्जन से अधिक प्राथमिक शालाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों और तकनीकी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री झा ने प्राथमिक शाला कजलीवन, महगवां, मुहाई, सुपेली, तिगवां, रामनगर सहित अन्य विद्यालयों में चल रहे मेजर मरम्मत कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और उपयोग में लाई जा रही सामग्री की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों की मरम्मत का उद्देश्य केवल भवनों को दुरुस्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में बहोरीबंद जनपद पंचायत द्वारा विद्यालयों के मरम्मत कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उपयंत्री शाहिद सुल्तान, संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव तथा ग्राम रोजगार सहायक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने और सभी कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button