उमरियापान में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात पिकअप ने दो बाइक सवारों को कुचला, मौके पर ही दोनों की मौत,बनहरी-मडे़रा मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन का कहर, पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात पिकअप ने दो बाइक सवारों को कुचला, मौके पर ही दोनों की मौत,बनहरी-मडे़रा मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन का कहर, पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
कलयुग की कलम उमरिया पान – थाना उमरियापान क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बनहरी और मडे़रा के बीच रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 9:30 बजे मुख्य मार्ग पर सल्लू चक्रवर्ती के घर के सामने एक अज्ञात पिकअप वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक तेज गति से वाहन चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
छोटा कछारगांव के रहने वाले थे दोनों मृतक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवचरण चौधरी (22 वर्ष) और सुनील उर्फ कल्लू कोल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मृतक ग्राम छोटा कछारगांव के निवासी बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जहां का दृश्य बेहद मार्मिक था।
अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस
मृतक शिवचरण चौधरी के परिजन शुभलाल चौधरी की शिकायत पर उमरियापान पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है।
तेज रफ्तार बनी काल, क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को सामने ला दिया है। दो परिवारों के चिराग बुझने से ग्राम छोटा कछारगांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।



