प्रशासनमध्यप्रदेश

छात्रावासों और आश्रमों में सुरक्षा, स्वच्छता और पारदर्शिता पर सख्ती”बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं”: जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के सख्त निर्देश, छात्रावासों में सीसीटीवी, स्वास्थ्य परीक्षण और सुविधाओं की होगी विशेष निगरानी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

छात्रावासों और आश्रमों में सुरक्षा, स्वच्छता और पारदर्शिता पर सख्ती“बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं”: जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के सख्त निर्देश, छात्रावासों में सीसीटीवी, स्वास्थ्य परीक्षण और सुविधाओं की होगी विशेष निगरानी

कलयुग की कलम कटनी – जिले में संचालित अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों एवं आश्रमों में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं की सुरक्षा, स्वच्छता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में छात्रावासों एवं आश्रमों के प्राचार्यों, अधीक्षकों, सहायक यंत्रियों और उपयंत्रियों की मौजूदगी में विभागीय योजनाओं, गतिविधियों और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया ने विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति से अवगत कराया।

सीसीटीवी, चौकीदार और स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर

जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने छात्रावासों और आश्रमों में बालक-बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, चौकीदार की व्यवस्था, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, खाद्यान्न एवं खानपान की गुणवत्ता, स्वच्छ बिस्तरों की व्यवस्था तथा परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और किचन गार्डन विकसित करने पर भी विशेष बल दिया। कन्या छात्रावासों एवं आश्रमों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

सूचना पटल पर प्रदर्शित हों सभी सुविधाएं

सुश्री कौर ने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, समय-सारिणी और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को दीवार लेखन एवं सूचना पटल के माध्यम से सार्वजनिक किया जाए, ताकि पालकों और विद्यार्थियों को सभी व्यवस्थाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने सभी आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण करने के निर्देश भी दिए।

शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने छात्रावासों एवं आश्रमों में निर्धारित सीटों के अनुसार शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी प्रवेश से वंचित नहीं रहना चाहिए।

धरती आबा अभियान के कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश

धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं परिसंपत्ति संधारण मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सुश्री कौर ने तकनीकी अधिकारियों को गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जाए।

Related Articles

Back to top button