जिला पंचायत में 8 सितंबर को होगा योजनाओं का बड़ा हिसाब-किताब,सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में होगी मैराथन समीक्षा बैठक, नल-जल से लेकर पीएम आवास और सीएम हेल्पलाइन तक हर योजना की होगी बारीकी से पड़ताल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिला पंचायत में 8 सितंबर को होगा योजनाओं का बड़ा हिसाब-किताब,सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में होगी मैराथन समीक्षा बैठक, नल-जल से लेकर पीएम आवास और सीएम हेल्पलाइन तक हर योजना की होगी बारीकी से पड़ताल
कलयुग की कलम कटनी – जिला पंचायत में मंगलवार, 8 सितंबर को दोपहर 3 बजे से विभिन्न विभागों और ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर करेंगी। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति, लंबित कार्यों और विभागीय प्रगति की एक-एक कर विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), श्रम, विद्युत तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित कार्यों को प्रमुखता से लिया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ नल-जल योजनाओं की प्रगति, पानी एवं वॉश समितियों के गठन, संबल पंजीयन, ग्राम पंचायतों में विद्युत कनेक्शन तथा विद्युत देयकों के भुगतान की स्थिति की जानकारी लेंगी।
इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की भी अद्यतन स्थिति सामने रखी जाएगी। इनमें मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम), विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), पंचायत राज, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), वाटरशेड, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विधि शाखा तथा सीएम हेल्पलाइन शामिल हैं।
अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को अद्यतन आंकड़ों और आवश्यक जानकारी के साथ समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। अधीक्षण अभियंता, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड कटनी, पीएचई एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निर्धारित एजेंडे के अनुसार जानकारी प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, पीएचई के एसडीओ, जनपद शिक्षा केंद्रों के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, सहायक यंत्री, उपयंत्री, सुपरवाइजर, एडीईओ, पीसीओ, वीबी-जी राम जी के एपीओ एवं एएओ सहित पीएमएवाई, एसबीएम और वाटरशेड के विकासखंड समन्वयक तथा एनआरएलएम के ब्लॉक मैनेजर भी शामिल होंगे।
सीईओ की इस समीक्षा बैठक को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की वास्तविक प्रगति परखने और लंबित कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



