प्रशासनमध्यप्रदेश

उमरिया पान–ढीमरखेड़ा–पिंडरई–सिलौंडी के होनहारों का जलवा: गांव-गांव से निकले टॉपर, जिले-प्रदेश में लहराया परचम,गांव की मिट्टी से उठी यह प्रतिभाएं आज सफलता की नई इबारत लिख रही हैं।

कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरिया पान–ढीमरखेड़ा–पिंडरई–सिलौंडी के होनहारों का जलवा: गांव-गांव से निकले टॉपर, जिले-प्रदेश में लहराया परचम,गांव की मिट्टी से उठी यह प्रतिभाएं आज सफलता की नई इबारत लिख रही हैं।

कलयुग की कलम उमरिया पान – माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जिले के ग्रामीण अंचलों में खुशी की लहर दौड़ गई। उमरिया पान, ढीमरखेड़ा, पिंडरई और सिलौंडी जैसे क्षेत्रों से निकले विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। इन होनहारों की सफलता ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

सबसे पहले बात करें उमरिया पान क्षेत्र की, जहां ग्राम देवरी पाठक निवासी शिवम लोधी ने 12वीं गणित संकाय में 488 अंक हासिल कर प्रदेश में 5वां स्थान प्राप्त किया। शिवम पुष्कर पब्लिक स्कूल उमरियापान के छात्र रहे हैं। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है और शिवम को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

इसी कड़ी में सिलौंडी क्षेत्र के कछार गांव बड़ा से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां दो सगे भाइयों ने एक साथ 10वीं और 12वीं में टॉप कर सबको चौंका दिया। श्रेयश बागरी ने 12वीं गणित संकाय में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं उनके छोटे भाई शशांक बागरी ने 10वीं में 98 प्रतिशत अंक लाकर पूरे संकुल में टॉप किया। खास बात यह है कि दोनों भाई शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल कछार गांव बड़ा के छात्र हैं। उनके पिता सुभाष बागरी स्वयं शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं और माता भी शिक्षिका हैं। आज के दौर में जहां अधिकतर लोग अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजते हैं, वहीं इन दोनों भाइयों ने सरकारी स्कूल में पढ़कर यह साबित किया कि मेहनत और लगन ही सफलता की असली कुंजी है।

सिलौंडी क्षेत्र के ही ग्राम नेगई की बेटी प्रतिमा राय ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 12वीं कॉमर्स संकाय में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रतिमा महर्षि विद्या मंदिर बन्हेरी में अध्ययनरत थीं। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर नियमित रूप से लगभग 8 घंटे पढ़ाई की, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बेटियों के लिए प्रेरणा मान रहे हैं।

वहीं ढीमरखेड़ा विकासखंड के ग्राम पिंडरई में भी सफलता की गूंज सुनाई दी। शासकीय हाई स्कूल पिंडरई की दो छात्राओं मोहिनी पटेल और मोनिका बर्मन ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। मोहिनी पटेल ने 96.40 प्रतिशत और मोनिका बर्मन ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में स्थान बनाया। इन छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इन सभी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। शिक्षकों का मानना है कि यदि विद्यार्थियों में लगन और मेहनत का जज्बा हो, तो संसाधनों की कमी भी उनके रास्ते की बाधा नहीं बन सकती। वहीं अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी इन होनहारों की सफलता को पूरे गांव की जीत बताया है।

इन सफलताओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि छोटे-छोटे गांवों से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उमरिया पान, सिलौंडी, नेगई और पिंडरई के इन छात्रों ने न सिर्फ अपने परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

गांव की मिट्टी से उठी यह प्रतिभाएं आज सफलता की नई इबारत लिख रही हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बन रही हैं।

Related Articles

Back to top button