प्रशासनमध्यप्रदेश

जंगल में मौत का जाल बिछाने वाले शिकारी धराए: ढीमरखेड़ा में वन विभाग का बड़ा एक्शन, 3 गिरफ्तार

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जंगल में मौत का जाल बिछाने वाले शिकारी धराए: ढीमरखेड़ा में वन विभाग का बड़ा एक्शन, 3 गिरफ्तार

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – ढीमरखेड़ा के जंगलों में वन्यजीवों के शिकार की साजिश को वन विभाग ने समय रहते नाकाम कर दिया। वन विकास निगम की टीम ने कुंडम प्रोजेक्ट के तहत देर रात परसेल और भमका के जंगलों में दबिश देकर तीन शिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

 मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई

वन विकास निगम कुंडम परियोजना की डिप्टी डीएम अभिश्वेता रावत को सूचना मिली थी कि भमका क्षेत्र में कुछ शिकारी करंट के जरिए जंगली जानवरों का शिकार करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर जंगल में घेराबंदी की गई और कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

 करंट से शिकार की तैयारी, सामान बरामद

कार्रवाई के दौरान टीम ने दादर सिंहुडी गांव के तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य आरोपी भागने में सफल रहा। मौके से जब्त सामग्री में शामिल हैं—करंट लगाने के लिए तार और उपकरण शिकार में इस्तेमाल होने वाले साधन दो मोटरसाइकिलें गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

 तेंदुए की मौत से जुड़ सकते हैं तार

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में इसी क्षेत्र में करंट लगने से एक मादा तेंदुए की मौत हुई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पकड़े गए आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और इस घटना में भी इनकी भूमिका हो सकती है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में मामला दर्ज

डिप्टी डीएम अभिश्वेता रावत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई से शिकारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं वन विभाग ने संकेत दे दिया है कि जंगलों में अब अवैध गतिविधियों की कोई जगह नहीं।

Related Articles

Back to top button