धान पर भूरा माहू का कहर, किसानों की फसल बचाने उठी आवाज,जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गोटिया ने कलेक्टर आशीष तिवारी को सौंपा पत्र, सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग
कलयुग की कलम से राकेश यादव

धान पर भूरा माहू का कहर, किसानों की फसल बचाने उठी आवाज,जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गोटिया ने कलेक्टर आशीष तिवारी को सौंपा पत्र, सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग
कलयुग की कलम कटनी – जिले के धान उत्पादक किसानों के सामने फसल में भूरा माहू (BPH) कीट के प्रकोप ने चिंता बढ़ा दी है। फसल को संभावित नुकसान से बचाने और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की मांग को लेकर जिला पंचायत के वरिष्ठ सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गोटिया ने कलेक्टर आशीष तिवारी को पत्र सौंपा।
गोटिया ने कलेक्टर के समक्ष किसानों की समस्या रखते हुए मांग की कि जिन क्षेत्रों में धान की फसल भूरा माहू के प्रकोप से प्रभावित हुई है, वहां तत्काल कृषि विभाग की टीमों के माध्यम से फसल का सर्वेक्षण एवं निरीक्षण कराया जाए। साथ ही किसानों को कीट नियंत्रण के प्रभावी उपायों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक कृषि मार्गदर्शन भी दिया जाए।
उन्होंने कहा कि धान की खेती में किसान अपनी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार करते हैं। ऐसे समय में कीट प्रकोप से फसल प्रभावित होने पर किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते नियंत्रण के उपाय किए जाना जरूरी है, ताकि नुकसान को और बढ़ने से रोका जा सके।
मुआवजे के लिए सर्वे की मांग
जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कलेक्टर से प्रभावित किसानों की फसलों का नियमानुसार सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और पात्र किसानों को शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।
उन्होंने प्रशासन से कृषि विभाग और मैदानी अमले के माध्यम से प्रभावित गांवों में स्थिति की लगातार निगरानी कराने तथा किसानों को आवश्यक कीटनियंत्रण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
गोटिया ने कहा कि किसानों की समस्या का समय पर समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिल सकती है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रेमलाल केवट, घनश्याम हल्दकर, राजेश हल्दकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



