प्रशासनमध्यप्रदेश

बालिका छात्रावास में सीईओ का औचक निरीक्षण: शिक्षा, भोजन और व्यवस्थाओं की परखी गुणवत्ता, मेधावी छात्राओं के लिए नीट की ऑनलाइन तैयारी के दिए निर्देश,कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहाड़ी पहुंचीं सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, इंटरएक्टिव पैनल से पढ़ाई का लिया जायजा, पौधरोपण कर दिया हरियाली का संदेश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बालिका छात्रावास में सीईओ का औचक निरीक्षण: शिक्षा, भोजन और व्यवस्थाओं की परखी गुणवत्ता, मेधावी छात्राओं के लिए नीट की ऑनलाइन तैयारी के दिए निर्देश,कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहाड़ी पहुंचीं सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, इंटरएक्टिव पैनल से पढ़ाई का लिया जायजा, पौधरोपण कर दिया हरियाली का संदेश

कलयुग की कलम कटनी – जिले में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, पहाड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध भोजन, स्वच्छता, पेयजल, अध्ययन व्यवस्था तथा छात्राओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने छात्रावास की रसोई, आवासीय कक्ष, स्नानगृह, शौचालय, डिजिटल लाइब्रेरी एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं को प्रतिदिन पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण नाश्ता, दोनों समय गर्म एवं स्वादिष्ट भोजन, शुद्ध पेयजल तथा साफ-सुथरे बिस्तर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही छात्रावास परिसर की स्वच्छता एवं सभी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

इंटरएक्टिव पैनल पर छात्राओं से कराया संचालन, पढ़ाई की गुणवत्ता परखी

सीईओ सुश्री कौर ने छात्रावास में स्थापित फिजिकल लाइब्रेरी विद डिजिटल कैपेसिटी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से स्वयं इंटरएक्टिव पैनल संचालित कराकर उनकी सीखने की क्षमता और शिक्षण व्यवस्था का मूल्यांकन किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए बालिकाओं को सरल, गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनमें पढ़ने की जिज्ञासा लगातार बनी रहे।

मेधावी छात्राओं के लिए नीट की ऑनलाइन तैयारी कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर ने कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं से छात्रावास की सुविधाओं, अध्यापन व्यवस्था एवं परीक्षा परिणामों पर चर्चा की। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 11वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं सहित अन्य इच्छुक बालिकाओं के लिए नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन तैयारी हेतु आवश्यक ऑनलाइन कोर्स का सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने के निर्देश जिला परियोजना समन्वयक एवं छात्रावास अधीक्षक को दिए।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

निरीक्षण के दौरान सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने छात्रावास परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं से पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हर पौधा भविष्य की सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरणीय विरासत है।

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक प्रेम नारायण तिवारी, बीआरसी प्रशांत मिश्रा, लेखापाल राखी शुक्ला, उपयंत्री, बीएसी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button