सेवा संकल्प अभियान से जागेगा जनजागरूकता का उजियारा,नशामुक्त भारत का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेंगी जागरूकता गतिविधियां, रैली से लेकर चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सेवा संकल्प अभियान से जागेगा जनजागरूकता का उजियारा,नशामुक्त भारत का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेंगी जागरूकता गतिविधियां, रैली से लेकर चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
कलयुग की कलम कटनी – सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनजागरूकता को व्यापक रूप देने के लिए आगामी 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं और सामाजिक सरोकारों की जानकारी आमजन तक प्रभावी एवं रोचक तरीके से पहुंचाई जाएगी।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, एनआरएलएम के जिला परियोजना प्रबंधक एवं जन अभियान परिषद को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
रचनात्मक आयोजनों से दिया जाएगा नशामुक्ति का संदेश
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री अनुराग मोदी ने बताया कि नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद सहित विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही शासन की योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूहों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यार्थियों एवं युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
हर गतिविधि का होगा दस्तावेजीकरण, फोटो-वीडियो के साथ देना होगा प्रतिवेदन
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की पूर्व कार्ययोजना तैयार कर उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम के बाद उसका विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने के साथ फोटो एवं वीडियो भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि अभियान की गतिविधियों का प्रभावी दस्तावेजीकरण एवं अनुश्रवण किया जा सके।
अभियान में शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक सुरक्षा विभाग की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है। इसके लिए प्राचार्य तिलक कॉलेज, जिला शिक्षा अधिकारी तथा समस्त जनपद पंचायतों के सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
समन्वय से पहुंचेगा योजनाओं का संदेश जन-जन तक
सेवा संकल्प अभियान के तहत अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर नवाचार एवं प्रभावी संचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा आमजन को अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने की तैयारी है, ताकि सेवा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश जिले के गांव-गांव और जन-जन तक पहुंच सके।



