प्रशासनमध्यप्रदेश

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण,सहारे से स्वावलंबन की ओर बढ़े 109 कदम,सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों के लिए बड़ी पहल, 39.42 लाख के सहायक उपकरण होंगे वितरित

कलयुग की कलम से राकेश यादव

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण,सहारे से स्वावलंबन की ओर बढ़े 109 कदम,सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों के लिए बड़ी पहल, 39.42 लाख के सहायक उपकरण होंगे वितरित

कलयुग की कलम कटनी – सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी और एएलआईएमसीओ के संयुक्त सहयोग से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के सीएसआर मद से 39.42 लाख रुपये मूल्य के सहायक उपकरण 109 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी क्रम में मंगलवार को जनपद पंचायत कटनी में आयोजित कार्यक्रम में 36 चिन्हित दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किए गए।

यह पहल जिला प्रशासन के नेतृत्व में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में की जा रही है। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के लिए दैनिक गतिविधियां आसान होने के साथ उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

बरही और स्लीमनाबाद में भी लगेंगे शिविर

उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री अनुराग मोदी ने बताया कि अभियान के तहत चिन्हित एवं पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आगामी कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए हैं। 30 सितंबर को नगर पंचायत बरही तथा 1 अक्टूबर को आस्था मैरिज गार्डन, स्लीमनाबाद में शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।

कटनी, रीठी और नगर निगम क्षेत्र के हितग्राही होंगे लाभान्वित

कार्यक्रम के माध्यम से जनपद पंचायत कटनी, जनपद पंचायत रीठी एवं नगर निगम कटनी क्षेत्र के चिन्हित दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने की पहल की गई है। सहायक उपकरण केवल दैनिक कार्यों में सुविधा देने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए दिव्यांगजनों की गतिशीलता, आत्मविश्वास और स्वावलंबन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

जरूरत के अनुसार उपकरण मिलने से हितग्राही अपने रोजमर्रा के कार्य अधिक सहजता से कर सकेंगे। इससे उन्हें दूसरों पर निर्भरता कम करने और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

CSR को मिला सेवा और संवेदना का स्वरूप

कार्यक्रम में इस पहल को कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व की मानवीय भावना से जोड़ते हुए कहा गया कि सीएसआर गतिविधियों का दायरा केवल निर्माण एवं विकास कार्यों तक सीमित नहीं है। समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी, एएलआईएमसीओ और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें सुविधा के साथ सम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी के वर्क्स मैनेजर एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री राजेश पांडे, जूनियर वर्क्स मैनेजर श्री राजेश कुमार यादव, सीएसआर जूनियर वर्क्स मैनेजर श्री उमेश विश्वकर्मा, उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कटनी श्री प्रदीप सिंह, जनपद पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष श्री जगदीश उर्मलिया, जनपद सदस्य श्री राकेश साहू एवं श्री धीरेंद्र सिंह, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव एवं श्री मयंक मिश्रा तथा श्री जग्गी पटेल की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button