प्रशासनमध्यप्रदेश

अब ऑनलाइन काम में नहीं चलेगी लापरवाही! पंचायत सचिवों को दिया पोर्टल का विशेष प्रशिक्षण,ग्राम पंचायतों की अपनी आय बढ़ाने पर प्रशासन का फोकस, कम OSR वाली पंचायतों को दो दिन का अंतिम मौका

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अब ऑनलाइन काम में नहीं चलेगी लापरवाही! पंचायत सचिवों को दिया पोर्टल का विशेष प्रशिक्षण,ग्राम पंचायतों की अपनी आय बढ़ाने पर प्रशासन का फोकस, कम OSR वाली पंचायतों को दो दिन का अंतिम मौका

कलयुग की कलम कटनी – ग्राम पंचायतों के कामकाज में तकनीकी दक्षता बढ़ाने और पंचायतों के स्वयं के आय स्रोतों को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कटनी में पोर्टल संबंधी दक्षता कार्यशाला आयोजित की गई। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में पंचायत सचिवों को विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल एवं डिजिटल कार्यप्रणालियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

OSR से लेकर पेमेंट तक, पोर्टल की बारीकियां समझाईं

कार्यशाला में एसआईआरडी (SIRD) के प्रशिक्षक एवं संकाय सदस्य पंकज राय ने पंचायत सचिवों को OSR मैनेजमेंट, दृष्टि पोर्टल, एसेट मैपिंग, कंस्ट्रक्शन वर्क मैनेजमेंट, पेमेंट सहित अन्य महत्वपूर्ण ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर पोर्टल से जुड़े कार्यों को समय पर, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की तकनीकी प्रक्रिया समझाई गई।

अपनी आय बढ़ाएं पंचायतें, कम प्रगति वालों को दो दिन का अंतिम अवसर

कार्यशाला में ग्राम पंचायतों के OSR (Own Source Revenue) की भी समीक्षा की गई। पंचायतों की स्वयं की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध स्रोतों पर चर्चा करते हुए राजस्व संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

कम प्रगति वाली पंचायतों को निर्धारित लक्ष्य की दिशा में सुधार करने के लिए दो दिवस का अंतिम अवसर दिया गया। अधिकारियों ने पंचायतों को अपनी आय के स्रोत मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर राजस्व संग्रहण को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

22 से 25 सितंबर तक जिलेभर में चलेगा दक्षता प्रशिक्षण

कार्यशाला में अन्य जनपदों से आए दक्ष सचिवों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। अब यही प्रशिक्षित सचिव 22 से 25 सितंबर 2026 तक जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों में दक्षता कार्यक्रम आयोजित कर पंचायत सचिवों को पोर्टल संबंधी कार्यों का प्रशिक्षण देंगे।

इन कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रक्रियाओं को सुचारु बनाने, पोर्टल संचालन में दक्षता बढ़ाने और ग्राम पंचायतों के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष फोकस रहेगा।

बीसी और आरजीएसए करेंगे मॉनिटरिंग

प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल संचालन में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर (बीसी) एवं आरजीएसए की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उनके द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहयोग के साथ मॉनिटरिंग की जाएगी तथा आयोजित कार्यक्रमों की प्रगति से संबंधित प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा।

जिला पंचायत के निर्देश पर आयोजित यह कार्यशाला पंचायत सचिवों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के साथ ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय के स्रोत मजबूत करने और पंचायतों को अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस दौरान आरजीएसए जिला समन्वयक पंकज कुमार नामदेव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button