प्रशासनमध्यप्रदेश

अब कोई घर नहीं रहेगा शौचालय से वंचित: 20 से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, पात्र परिवारों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश—हर ग्राम पंचायत में होगा सर्वे, पीएम आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को भी मिलेगा लाभ

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अब कोई घर नहीं रहेगा शौचालय से वंचित: 20 से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, पात्र परिवारों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश—हर ग्राम पंचायत में होगा सर्वे, पीएम आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को भी मिलेगा लाभ

कलयुग की कलम कटनी – जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को पूर्ण स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 20 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक “कोई घर ना छूटे” विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शौचालय विहीन पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें शौचालय निर्माण के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर शौचालय विहीन पात्र परिवारों का सर्वेक्षण कर समयबद्ध तरीके से शौचालय निर्माण कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार इस सुविधा से वंचित न रह जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाए तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक रणनीति अपनाई जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र प्रोत्साहन राशि का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।

पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को भी मिलेगा लाभ

अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन तथा वर्ष 2025-26 में स्वीकृत ऐसे पात्र परिवार, जिनके यहां अभी तक शौचालय नहीं बना है, उन्हें भी पात्रता परीक्षण के बाद शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए ग्राम सभाओं, स्वच्छाग्रहियों और ग्राम पंचायतों का सहयोग लिया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से होगी पूरी प्रक्रिया

राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र हितग्राहियों के आवेदन ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। आवेदन की जांच और पात्रता सत्यापन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।

गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 का वर्ष 2026-27 अंतिम वर्ष है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश स्तर पर लगभग दो लाख शौचालय विहीन पात्र परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button