मुख्यमंत्री के समक्ष उमरिया पान की दो बड़ी जनहित मांगों को लेकर मंडल अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन भारत के भौगोलिक केंद्र बिंदु करौंदी को पर्यटन पहचान दिलाने और नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्द शुरू कराने की उठाई आवाज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मुख्यमंत्री के समक्ष उमरिया पान की दो बड़ी जनहित मांगों को लेकर मंडल अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन भारत के भौगोलिक केंद्र बिंदु करौंदी को पर्यटन पहचान दिलाने और नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्द शुरू कराने की उठाई आवाज
कटनी/ स्लीमनाबाद,उमरियापान, 18 जुलाई
कलयुग की कलम उमरिया पान – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्लीमनाबाद की निर्माणाधीन अंडरग्राउंड टनल के निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल उमरियापान के अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनहित विषयों पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में करौंदी स्थित भारत के भौगोलिक केंद्र बिंदु के संरक्षण एवं पर्यटन विकास तथा उमरियापान में स्वीकृत नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
आशीष चौरसिया ने मुख्यमंत्री को दिए गए आवेदन में बताया कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उमरियापान के समीप स्थित ग्राम करौंदी में भारत का भौगोलिक केंद्र बिंदु स्थित है। राष्ट्रीय महत्व का यह स्थल लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहा है। यहां मौजूद स्मारक और अन्य संरचनाएं जर्जर होती जा रही हैं, जिससे इसकी ऐतिहासिक और राष्ट्रीय पहचान प्रभावित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस स्थल का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक अधोसंरचना विकसित कर इसे एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कराया जाए, ताकि यह प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सके।
दूसरे आवेदन में मंडल अध्यक्ष ने उमरियापान में स्वीकृत नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो सका है। इसके कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान आशीष चौरसिया ने कहा कि दोनों मांगें सीधे तौर पर क्षेत्र के विकास और आमजन की सुविधाओं से जुड़ी हैं। एक ओर करौंदी स्थित राष्ट्रीय महत्व के स्थल का संरक्षण और पर्यटन विकास क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देगा, वहीं दूसरी ओर नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
क्षेत्र के लोगों ने भी इन दोनों मुद्दों को लंबे समय से जनहित से जुड़ा विषय बताते हुए उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री स्तर पर ज्ञापन दिए जाने के बाद इन मांगों पर सकारात्मक पहल होगी और संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों को गति देंगे।



