कटनी में गूंजा ‘लाड़ली लक्ष्मी दिवस’: कलेक्ट्रेट से आंगनवाड़ी तक बेटियों का सम्मान, 1713 केंद्रों पर उत्सव
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में गूंजा ‘लाड़ली लक्ष्मी दिवस’: कलेक्ट्रेट से आंगनवाड़ी तक बेटियों का सम्मान, 1713 केंद्रों पर उत्सव
कलयुग की कलम कटनी – महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में शनिवार को जिलेभर में ‘लाड़ली लक्ष्मी दिवस’ हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला मुख्यालय से लेकर सभी आंगनवाड़ी केंद्रों तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बालिकाओं और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पाण्डेय एवं सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लाड़ली लक्ष्मी बालिकाएं और उनके अभिभावक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान समायरा सोनी, अग्रीमा तिवारी, प्रियांशी तिवारी, नायरा तिवारी एवं समृद्धि श्रीवास्तव को योजना के प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सुभांशी दुबे, टीना बर्मन, वैष्णवी यादव, सौम्या एवं पूजा तिवारी को पुरस्कृत किया गया। आईटीआई की छात्रा प्राची प्रजापति और कक्षा 12वीं की छात्रा सान्या यादव ने अपने अनुभव साझा कर अन्य बालिकाओं को प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक संदीप जायसवाल ने बालिकाओं को छात्रवृत्ति का सदुपयोग कर शिक्षा में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र ने लक्ष्य निर्धारण और कड़ी मेहनत के महत्व पर जोर दिया।
लाड़ली लक्ष्मी दिवस के अवसर पर जिले के सभी 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित कर बेटियों के नाम पर पौधारोपण किया गया। साथ ही बालिकाओं का टीका लगाकर एवं फूलमालाओं से स्वागत किया गया और योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
यह आयोजन बेटियों के सम्मान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ, जिससे समाज में सकारात्मक सोच को और मजबूती मिली।



