कटनी के मार्बल को मिलेगी देश-दुनिया में नई पहचान!जीआई टैगिंग की तैयारी तेज, मार्बल एसोसिएशन के गठन के निर्देश; उद्यमियों की समस्याओं पर कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के आदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी के मार्बल को मिलेगी देश-दुनिया में नई पहचान!जीआई टैगिंग की तैयारी तेज, मार्बल एसोसिएशन के गठन के निर्देश; उद्यमियों की समस्याओं पर कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के आदेश
कलयुग की कलम कटनी – कटनी के मार्बल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत ग्राम पंचायत गुदरी में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के मार्बल की ब्रांडिंग को मजबूत करने और उसके लिए जीआई टैगिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कटनी के मार्बल की अपनी विशिष्ट पहचान और विशेषताओं को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रशासन और मार्बल कारोबार से जुड़े उद्यमियों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने इस दिशा में संगठित तरीके से कार्य शुरू करने पर जोर दिया।
पहले बनेगा मार्बल एसोसिएशन, फिर जीआई टैग के लिए आवेदन
कलेक्टर आशीष तिवारी ने महाप्रबंधक उद्योग श्रीमती ज्योति सिंह को निर्देश दिए कि जिले के मार्बल उद्यमियों को एक मंच पर लाकर मार्बल एसोसिएशन का गठन एवं पंजीयन कराया जाए। एसोसिएशन के गठन के बाद उसके माध्यम से कटनी मार्बल के जीआई टैग के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जीआई टैगिंग की प्रक्रिया में जिला प्रशासन की ओर से उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इससे कटनी मार्बल की विशिष्ट पहचान को संस्थागत रूप देने और उसकी ब्रांड वैल्यू बढ़ाने की दिशा में काम किया जा सकेगा।
उद्यमियों ने रखी उद्योग से जुड़ी समस्याएं
उद्यमी संवाद में मार्बल उद्योग से जुड़े कारोबारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव कलेक्टर के समक्ष रखे। उद्यमियों ने माइनिंग के डेड रेंट की दर कम करने, मार्बल माइंस से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल के लिए ईटीपी की सुविधा, जिले में बनने वाले नए भवनों में कटनी मार्बल के उपयोग को प्रोत्साहन देने तथा कटनी स्टोन की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इसके अलावा पावर फीडर के कारण निर्बाध विद्युत आपूर्ति में आ रही दिक्कत तथा ई-खनिज पोर्टल के अपडेशन से संबंधित विषय भी उद्यमियों ने उठाए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारी और उद्यमी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर सहित उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्यमियों में महाकौशल रिफैक्ट्रीज के संचालक अरविंद गुगालिया, पाल मार्बल से मुकेश पाल, श्री राम मार्बल से श्री तिवारी, समदरिया मार्बल से वेद दुबे, ओजस्वी मार्बल से विपिन तिवारी, शारदा मार्बल से रजनीश तथा डाल्फिन मार्बल से राकेश सिंह सहित अन्य उद्यमी शामिल रहे।



