प्रशासनमध्यप्रदेश

हर गांव से बंद हो अवैध शराब की पैकारी!बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने एसपी को लिखा पत्र, परसेल की अवैध पैकारी पर कार्रवाई की मांग,ग्रामीणों की एक ही मांग—अवैध शराब की पैकारी किसी एक गांव में नहीं, बल्कि जहां भी हो, वहां पूरी तरह बंद हो और युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

कलयुग की कलम से राकेश यादव

हर गांव से बंद हो अवैध शराब की पैकारी!बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने एसपी को लिखा पत्र, परसेल की अवैध पैकारी पर कार्रवाई की मांग,ग्रामीणों की एक ही मांग—अवैध शराब की पैकारी किसी एक गांव में नहीं, बल्कि जहां भी हो, वहां पूरी तरह बंद हो और युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

कलयुग की कलम उमरिया पान – बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और पैकारियों को लेकर ग्रामीणों, खासकर महिलाओं में बढ़ते आक्रोश के बीच बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक कटनी को पत्र लिखकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई केवल किसी एक गांव तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र के हर गांव में संचालित अवैध शराब की पैकारियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

विधायक ने पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में ग्राम परसेल, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में संचालित अवैध पैकारियों का उल्लेख किया है। पत्र में कहा गया है कि अवैध शराब की बिक्री के कारण नवयुवकों में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इससे युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने के साथ ही अपराध और चोरी जैसी घटनाओं में वृद्धि की आशंका बनी रहती है। विधायक ने शराब ठेकों का संचालन भी शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित कराने की मांग की है।

खाम्हा गांव में महिलाओं ने सड़क पर जताया विरोध

इधर उमरिया पान थाना क्षेत्र के खाम्हा गांव में अवैध शराब बिक्री के विरोध में महिलाओं द्वारा सड़क पर प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है। महिलाओं ने सड़क पर लकड़ियां रखकर रास्ता रोकते हुए अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। महिलाओं का कहना था कि गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री से परिवारों पर विपरीत असर पड़ रहा है और युवा वर्ग भी नशे की गिरफ्त में आ रहा है।

कनौजा की महिलाओं ने भी विधायक के सामने रखी समस्या

अवैध शराब बिक्री को लेकर कनौजा गांव की महिलाओं ने भी बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। महिलाओं ने गांव में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की अवैध बिक्री से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है और इसका सबसे अधिक असर परिवारों तथा युवाओं पर पड़ रहा है।

इसी तरह सिलौंडी, ढीमरखेड़ा और उमरिया पान क्षेत्र के अन्य गांवों से भी अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं में नाराजगी की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों की मांग है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जहां भी अवैध शराब की पैकारी या बिक्री पाई जाए, वहां सख्त कार्रवाई की जाए।

विधायक ने कार्रवाई कर अवगत कराने की मांग की

विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक से ग्राम परसेल में संचालित अवैध पैकारियों को बंद कराने तथा क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों की जांच कर शासन के नियमों के अनुसार उनका संचालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। साथ ही की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने की मांग की है।

पत्र की प्रतिलिपि आबकारी विभाग, कटनी तथा थाना प्रभारी उमरिया पान को भी भेजी गई है। विधायक के पत्र के बाद अब क्षेत्र के ग्रामीणों की नजर पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर है।

ग्रामीणों की मांग है कि अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई किसी एक गांव तक सीमित न रहे, बल्कि जहां भी ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं, वहां जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके और गांवों का सामाजिक माहौल सुरक्षित रहे।

Related Articles

Back to top button