बिजली बिल जमा नहीं किया तो कटेगा कनेक्शन! ढीमरखेड़ा में विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 उपभोक्ताओं की बिजली गुल,बकाया 8.85 लाख रुपये की वसूली के लिए चार विशेष टीमों ने चलाया अभियान, बिजली चोरी के 28 मामले दर्ज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिजली बिल जमा नहीं किया तो कटेगा कनेक्शन! ढीमरखेड़ा में विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 उपभोक्ताओं की बिजली गुल,बकाया 8.85 लाख रुपये की वसूली के लिए चार विशेष टीमों ने चलाया अभियान, बिजली चोरी के 28 मामले दर्ज
कलयुग की कलम उमरिया पान – बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले बकायादार उपभोक्ताओं और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा वितरण केंद्र अंतर्गत शुक्रवार को चार विशेष टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर बकाया बिलों की वसूली और बिजली चोरी की जांच की। इस दौरान 80 बकायादार उपभोक्ताओं के कुल 8.85 लाख रुपये के लंबित बिजली बिलों के चलते उनके कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित किए गए, जबकि बिजली चोरी के 28 मामले दर्ज किए गए।
नोटिस के बाद भी बिल जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई
विद्युत विभाग के अनुसार, ढीमरखेड़ा वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में ऐसे उपभोक्ताओं को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, जिनके बिजली बिल लंबे समय से बकाया थे। इसके बावजूद राशि जमा नहीं करने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनके विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिए।
यह कार्रवाई पिपरिया, देवरी, सारंगपुर, सिमरिया, पौड़ी कला, खमतरा और ढीमरखेड़ा सहित विभिन्न गांवों में की गई। अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने बकाया बिलों की स्थिति की जांच करने के साथ ही अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने के मामलों की भी पड़ताल की।
बिजली चोरी के 28 मामले दर्ज
चेकिंग अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीमों ने बिजली चोरी के 28 मामले दर्ज किए। विभाग ने उपभोक्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि बिजली का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करें और बकाया राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बकाया बिल जमा कर संभावित कार्रवाई से बचें
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित बिजली बिलों का शीघ्र भुगतान करें और विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए बिजली कनेक्शन तथा उपयोग से संबंधित नियमों का पालन करें। विभाग का कहना है कि बकाया वसूली और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला अभियान
यह चेकिंग एवं वसूली अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता डी.के. चौकीकर तथा दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में ढीमरखेड़ा उपसंभाग के सहायक अभियंता स्वामी यादव, बड़वारा वितरण केंद्र प्रभारी सुमित सिन्हा, सिलौंड़ी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली तथा पान उमरिया वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।



