हनीट्रैप बना मौत का जाल: 36 घंटे में पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल, पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

हनीट्रैप बना मौत का जाल: 36 घंटे में पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल, पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
कलयुग की कलम कटनी – थाना एनकेजे क्षेत्र के प्रेमनगर काली मंदिर के पास हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में एक महिला, उसके पति और भाई को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने युवक को हनीट्रैप में फंसाकर बुलाया और लूट के दौरान बेरहमी से हत्या कर दी।
क्या था पूरा मामला?
17 अप्रैल को प्रेमनगर स्थित काली मंदिर के पास एक युवक गंभीर हालत में मिला। डायल-112 के माध्यम से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान प्रदीप साहू (23), निवासी ग्राम पहरिया (बड़वारा) के रूप में हुई।
सीसीटीवी से खुली साजिश की परतें
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में युवक को पास के एक मकान से अधमरी हालत में निकलते देखा गया। पूछताछ में मकान मालकिन ने खुलासा किया कि मोहल्ले की शिवानी जायसवाल अपने पति विपिन दुबे और भाई मनीष के साथ उसे वहां लाई थी।
हनीट्रैप का जाल, फिर हमला
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि महिला ने युवक को शारीरिक संबंध का झांसा देकर कमरे में बुलाया। पहले से घात लगाए बैठे पति और भाई ने पैसों की मांग की। विरोध करने पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौत हो गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पुलिस ने विपिन दुबे (22), मनीष जायसवाल (18) और शिवानी जायसवाल (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडा भी बरामद किया गया। तीनों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई सराहनीय
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी रुपेन्द्र राजपूत सहित एनकेजे पुलिस और साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही।



