सरसवाही छात्रावास में जिला पंचायत सीईओ का औचक निरीक्षण: छात्राओं की सुरक्षा और भोजन व्यवस्था पर सख्त निर्देश,बीमार छात्राओं का जाना हाल, कहा— बारिश में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त; स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करें
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सरसवाही छात्रावास में जिला पंचायत सीईओ का औचक निरीक्षण: छात्राओं की सुरक्षा और भोजन व्यवस्था पर सख्त निर्देश,बीमार छात्राओं का जाना हाल, कहा— बारिश में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त; स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करें
कलयुग की कलम कटनी – माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सरसवाही में हाल ही में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने शनिवार को छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने छात्रावास परिसर, किचन, भंडार गृह, आवासीय कक्ष, बिस्तरों, स्नानगृह एवं प्रसाधन गृह का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित समय पर ताजा, गर्म, पौष्टिक एवं रुचिकर भोजन, स्वच्छ नाश्ता तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भोजन और साफ-सफाई में जरा-सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
सीईओ ने हाल ही में अस्वस्थ हुई छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उनके बेहतर उपचार एवं शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और उनकी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर ने छात्राओं से अलग-अलग तथा समूह में चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने छात्राओं को बारिश के मौसम में स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करने तथा शुद्ध पेयजल का उपयोग करने की सलाह दी।
इस अवसर पर एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया, छात्रावास की प्राचार्य, अधीक्षिका तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।



