Blogमध्यप्रदेश

एमपी के सिवनी स्थित पेंच टाइगर रिजर्व में धारदार हथियार से काटे बाघिन के चारों पंजे, दांत भी उखाड़े, मचा हड़कंप

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी

पेंच टाइगर रिजर्व के रूखड़ परिक्षेत्र के अंतर्गत रुखड़ बीट में शनिवार को मिले बाघिन के शव से हड़कंप मचा हुआ है। आरोपियों द्वारा धारदार हथियार से बाघिन के चारों पंजे काटने एवं तीन केनाइन दांत को उखाड़कर ले जाने के मामले में अब विभाग भी सोच में पड़ गया है। जबकि क्षेत्र में लगातार गश्त होने की बात कही जाती है। गश्ती दल को मासूरनाला नामक नाले के गहरी खाई में रेत में दबे हुए मादा बाघ का शव मिलने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अंदेशा है कि मादा बाघ के मरने के बाद आरोपियों ने शव के चारों पंजे काटे एवं दांत उखाड़े और फिर उसे फेंक दिया।

वर्ष 2016 में पहली बार हुई थी ट्रैप

टीम को मादा बाघ का एक तिहाई हिस्सा रेत के बाहर एवं शेष दो तिहाई रेत के अंदर मिला है। मृत बाघिन के शव का टाइगर रिजर्व(Pench Tiger Reserve) के फोटो डेटाबेस से मिलान किया गया। जिसमें पता चला है कि यह मादा बाघ है और पहली बार 2016 में वयस्क बाघिन के रूप में कैमरा ट्रैप में पहचानी गई थी। इसे पीएन 42 क्रमांक दिया गया था। 2016 में इसकी उम्र लगभग 2 से 3 साल थी। वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में दल ने बाघिन के शव का परीक्षण किया। पोस्टमार्टम के उपरांतप्रोटोकॉल के अनुसार क्षेत्र पेंच टाइगर रिजर्व के संचालक, उपसंचालक एवं भस्मीकरण समिति के अन्य सदस्यों के समक्ष शव का दाह संस्कार किया गया।

करंट लगाकर बाघिन का शिकार

पेंच टाइगर रिजर्व(Pench Tiger Reserve) में शनिवार को बाघ का क्षत-विक्षत शव मिलने से नियमित गश्ती के दावों की पोल खुल गई है। बीते 5 जनवरी को पेंच टाइगर रिजर्व के मोगली अभ्यारण्य कुरई और ग्राम जीरेवाड़ा की सीमा पर एक बाघिन मृत अवस्था में पाई गई थी। शव परीक्षण करने पर पता चला कि शिकारियों ने करंट लगाकर बाघिन का शिकार किया है। चार दिन बाद 8 जनवरी को डॉग स्क्वायड एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने जंगली सुअर के शिकार के लालच में करंट बिछाया था। गलती से इसकी चपेट में बाघिन आ गई और विद्युत करंट लगने से उसकी मृत्यु हो गई। आरोपियों ने शव को छुपा दिया था।

1 माह में तीसरी मौत

एक माह में तेंदुआ और बाघ की यह तीसरी मौत है। 3 अप्रेल को पेंच टाइगर रिजर्व के घाटकोहका गांव के पास कुएं में एक तेंदुए का शव मिला था। तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित मिले थे। वहीं 19 अप्रेल को गोपालगंज के पास नेशनल हाइवे स्थित बघराज के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लगभग तीन वर्षीय तेंदुए की मौत हो गई थी। 20 की सुबह बाघ का क्षत-विक्षत शव सड़क पर पाया गया। अंदेशा जताया गया कि हाइवे को पार करते समय किसी बड़े वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। बिसरा फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया।

बाघिन के पंजे एवं दांत उखाड़ने वाले आरोपियों के बारे में अगर किसी को कोई जानकारी मिलती है तो वह पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन के फोन नंबर-7447443015 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button