कटनी के रोजगार मेले में युवाओं की उमड़ी उम्मीदें: 1778 रिक्तियों पर 1359 का चयन, 95 लाख की स्वरोजगार सहायता ने बदली तस्वीर,शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार का महाकुंभ, एक ही मंच पर मिली नौकरी, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी के रोजगार मेले में युवाओं की उमड़ी उम्मीदें: 1778 रिक्तियों पर 1359 का चयन, 95 लाख की स्वरोजगार सहायता ने बदली तस्वीर,शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार का महाकुंभ, एक ही मंच पर मिली नौकरी, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी
कलयुग की कलम कटनी – जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, कटनी में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। निजी क्षेत्र की 11 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेते हुए 1778 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की, जिसमें 1359 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री रवि खरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
‘रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा’
युवाओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा कि सफलता का रास्ता स्पष्ट लक्ष्य, मेहनत और आत्मविश्वास से होकर गुजरता है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को छोटा या बड़ा समझने के बजाय उसे पूरी लगन और ईमानदारी से करना चाहिए। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी।
स्वरोजगार योजनाओं में भी मिला बड़ा लाभ
मेले में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार योजनाओं को भी विशेष महत्व दिया गया। उद्यम क्रांति योजना, आर्थिक कल्याण योजना, बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना और डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत 40 हितग्राहियों को कुल 94.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर वितरित की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई।
युवाओं को एक ही स्थान पर मिली हर सुविधा
मेले में जनजातीय कार्य विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, अंत्यावसायी विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, पशुपालन विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। यहां युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप, स्वरोजगार, ऋण, अनुदान और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर के संबोधन के बाद बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वरोजगार काउंटरों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा कंपनियों के प्रतिनिधियों से रोजगार संबंधी चर्चा भी की।
कार्यक्रम में शासकीय आईटीआई के प्राचार्य श्री देवेश कुमार मिश्रा, शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नरेंद्र बरखेड़कर, जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह चौहान सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मेला प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी ने किया, जबकि अंत में श्री आलोक मिश्रा ने सभी अतिथियों, विभागों, कंपनियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



