तखला में पांच लाख की लागत से बना ओपन जिम: सीईओ प्रदीप सिंह ने किया निरीक्षण, बोले— रोज़ व्यायाम अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं
कलयुग की कलम से राकेश यादव

तखला में पांच लाख की लागत से बना ओपन जिम: सीईओ प्रदीप सिंह ने किया निरीक्षण, बोले— रोज़ व्यायाम अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं
कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करने की दिशा में ग्राम पंचायत तखला में स्थापित ओपन जिम का गुरुवार को जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने जिम में लगाए गए विभिन्न उपकरणों का स्वयं उपयोग कर उनकी गुणवत्ता और कार्यक्षमता की जांच की तथा ग्रामीणों से नियमित व्यायाम करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान सीईओ प्रदीप सिंह ने कहा कि ओपन जिम केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी सुविधा है। नियमित व्यायाम से शरीर मजबूत होता है, मानसिक तनाव कम होता है, हृदय स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी शारीरिक क्षमता और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार प्रतिदिन सुबह-शाम ओपन जिम का उपयोग करने का आग्रह किया।
सीईओ ने जिम परिसर में स्थापित लेग एवं चेस्ट प्रेस, क्रॉस वॉकर, एयर वॉकर, सिटिंग एवं स्टैंडिंग ट्विस्टर, पुल-अप एवं चिन-अप बार तथा हॉर्स राइडर सहित अन्य उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक रखरखाव पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक शाला के मध्यान्ह भोजन कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार करने और परोसने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालय के विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली।
पांच लाख रुपये से तैयार हुआ ओपन जिम
ग्राम पंचायत सचिव दयाशंकर गर्ग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद पंचायत द्वारा पांचवें वित्त आयोग की राशि से 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इसी राशि से ग्राम पंचायत तखला में ओपन जिम का निर्माण कराया गया, जिसका लाभ अब ग्रामीण नियमित रूप से उठा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सरपंच अनिल सिंह चौहान, सचिव दयाशंकर गर्ग, ग्राम रोजगार सहायक प्रदीप पांडे, महेंद्र लुनिया, निधि विश्वकर्मा, अनिरुद्ध प्रताप सिंह, दिनेश पाली, बालकिशन सहित ग्राम पंचायत के अन्य प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।



