बरसात में डूबा घर आंगन रास्ता, स्कूल पहुंचना बना चुनौती: करहिया- ग्राम मझगांव 01 में नाली निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बरसात में डूबा घर आंगन रास्ता, स्कूल पहुंचना बना चुनौती: करहिया- ग्राम मझगांव 01 में नाली निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
कलयुग की कलम रीठी – जनपद पंचायत रीठी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत करहिया- ग्राम मझगांव व 01 में बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण नहीं होने के कारण सड़कों और गलियों में पानी भर गया है, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात शुरू होने से पहले संबंधित विभाग के सब-इंजीनियर द्वारा करीब 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण का एस्टीमेट ग्राम पंचायत को उपलब्ध करा दिया गया था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर लापरवाही के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से आसाराम लोधी के घर में भी बारिश का पानी भर रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
बारिश के कारण गलियों में जलभराव होने से छोटे-छोटे बच्चों का स्कूल आना-जाना भी कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तत्काल निरीक्षण कर नाली निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि जलभराव से राहत मिल सके और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिले।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
नोट: इस समाचार में नाली निर्माण से संबंधित आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित पंचायत या अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



