प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी के भूतपूर्व सैनिकों को बड़ी राहत: अब हर माह घर के नजदीक मिलेगी ईसीएचएस मोबाइल मेडिकल सेवा,स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण और नियमित चिकित्सा सुविधा की हुई शुरुआत

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी के भूतपूर्व सैनिकों को बड़ी राहत: अब हर माह घर के नजदीक मिलेगी ईसीएचएस मोबाइल मेडिकल सेवा,स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण और नियमित चिकित्सा सुविधा की हुई शुरुआत

कलयुग की कलम कटनी – जिले के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों (विधवाओं) और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी पहल करते हुए ईसीएचएस (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) जबलपुर की मोबाइल मेडिकल टीम ने शुक्रवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान पात्र हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।

मोबाइल मेडिकल टीम में एक चिकित्सक सहित चार स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। टीम ने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस पहल से लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत मिली है।

अब हर महीने कटनी पहुंचेगी मेडिकल टीम

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल डॉ. शास्त्री प्रसाद त्रिपाठी (सेवानिवृत्त) ने बताया कि ईसीएचएस की मोबाइल मेडिकल सेवा अब नियमित रूप से प्रत्येक माह कटनी आएगी। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से पूर्व सैनिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और उन्हें छोटी-छोटी चिकित्सीय आवश्यकताओं के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

जबलपुर जाने की मजबूरी से मिलेगी राहत

अब तक ईसीएचएस की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए पात्र हितग्राहियों को जबलपुर जाना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। मोबाइल मेडिकल सेवा शुरू होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण की सुविधा मिलने से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को नियमित चिकित्सा सहायता आसानी से उपलब्ध होगी। लंबे समय से उठ रही इस मांग के पूरा होने पर भूतपूर्व सैनिकों में संतोष और खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button