सिलौंड़ी में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 64 बकायादारों के कनेक्शन काटे, 40 बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज! 9.70 लाख रुपये की बकाया राशि पर अस्थायी रूप से विच्छेदित किए विद्युत कनेक्शन, चार विशेष टीमों ने कई गांवों में चलाया सघन जांच अभियान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सिलौंड़ी में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 64 बकायादारों के कनेक्शन काटे, 40 बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज! 9.70 लाख रुपये की बकाया राशि पर अस्थायी रूप से विच्छेदित किए विद्युत कनेक्शन, चार विशेष टीमों ने कई गांवों में चलाया सघन जांच अभियान
कलयुग की कलम उ.पान/सिलौंडी – बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने और अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए विद्युत विभाग ने सिलौंड़ी वितरण केंद्र के अंतर्गत विभिन्न गांवों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक अभियंता ढीमरखेड़ा उपसंभाग स्वामी यादव की मौजूदगी में विभाग की चार विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित किए। साथ ही बिजली चोरी के 40 प्रकरण भी दर्ज किए गए।
64 उपभोक्ताओं पर 9.70 लाख रुपये बकाया, कनेक्शन काटे
विद्युत विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिलौंड़ी वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ऐसे उपभोक्ताओं को पूर्व में बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, जिनके कनेक्शनों पर लंबे समय से राशि बकाया थी। इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 64 बकायादार उपभोक्ताओं के लगभग 9.70 लाख रुपये की बकाया राशि से संबंधित विद्युत कनेक्शनों को अस्थायी रूप से विच्छेदित किया गया। इस कार्रवाई में भैंसवाही, झारापानी, नेगई, सिलौंड़ी, इमलई, कंजिया और कुंसरी सहित विभिन्न गांवों को शामिल किया गया।
बिजली चोरी के 40 प्रकरण दर्ज
बकाया बिलों की वसूली के साथ ही विद्युत विभाग की टीमों ने अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने की भी जांच की। जांच अभियान के दौरान बिजली चोरी के 40 प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वाले और अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही।
बिजली बिल समय पर जमा करने की अपील
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें और विद्युत नियमों का पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि जमा नहीं करने तथा अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उपभोक्ताओं से शासन के नियमों के पालन में सहयोग करने की अपील भी की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जारी है अभियान
यह चेकिंग एवं वसूली अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता डी.के. चौकीकर तथा दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
संयुक्त कार्रवाई में सहायक अभियंता ढीमरखेड़ा उपसंभाग स्वामी यादव, बड़वारा वितरण केंद्र प्रभारी सुमित सिन्हा, सिलौंड़ी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली और पान उमरिया वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।



