एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

ढीमरखेड़ा में कांग्रेस की हुंकार! सड़क, बिजली, पानी से लेकर शिक्षा और शराबबंदी तक के मुद्दों पर प्रदर्शन,8 अक्टूबर को मनाया ‘काला दिवस’, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन; NSUI ने उठाईं छात्र हितों की मांगें

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा में कांग्रेस की हुंकार! सड़क, बिजली, पानी से लेकर शिक्षा और शराबबंदी तक के मुद्दों पर प्रदर्शन,8 अक्टूबर को मनाया ‘काला दिवस’, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन; NSUI ने उठाईं छात्र हितों की मांगें

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण और दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा एवं NSUI ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

जर्जर सड़कों से लेकर दूषित पानी तक की समस्याएं उठाईं

ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। कांग्रेस ने घुघरा से कछारगांव मार्ग तथा ग्राम पंचायत बड़ी पौड़ी के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए सड़क निर्माण और मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही बिजली उपभोक्ताओं को बिना मीटर रीडिंग के अधिक बिल मिलने की कथित शिकायतों की जांच कराकर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग रखी गई।

इसके अलावा संगमा-लालपुर-दतला नदी पर पुल निर्माण, दूषित पेयजल की समस्या का निराकरण तथा नाली में डाली गई पेयजल पाइपलाइन को दुरुस्त कराने की मांग की गई। कांग्रेस ने खमरिया (खमतरा) में वर्ष 2016 में घोषित शासकीय हाईस्कूल का निर्माण कार्य शुरू कराने, क्षेत्र में अवैध शराब पैकरियों पर रोक लगाने और किसानों के लिए धान खरीदी का पंजीयन शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी उठाई।

NSUI ने उठाया छात्र हितों का मुद्दा, महाविद्यालय में पीजी कक्षाएं शुरू करने की मांग

इधर, NSUI जिला महासचिव सागर शुक्ला के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर अलग से ज्ञापन सौंपा गया। इसमें शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में एमए एवं एमएससी की स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने, महाविद्यालय में एनसीसी विंग की स्थापना करने तथा छात्र-छात्राओं को निजी बसों के किराए में रियायत दिलाने की मांग की गई।

इसके साथ ही ढीमरखेड़ा में ही शासकीय आईटीआई भवन का निर्माण कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। NSUI ने कहा कि उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा उन्हें पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिल सकेगी।

मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनसमस्याओं और छात्र हितों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद मिश्रा, रणजीत सिंह, मुकेश परोहा, अजय खटीक, NSUI जिला महासचिव सागर शुक्ला, ओमकार शर्मा, सुखचैन पटेल, मनोज चौरसिया, सत्तू सोनी, शिवा नामदेव, अजीत नामदेव, काशीराम बर्मन, रविंद्र परते सहित अन्य कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button