प्रशासनमध्यप्रदेश

गांवों के विकास की बनेगी नई कार्ययोजना! 12 से 15 अक्टूबर तक होगा जीपीडीपी का प्रशिक्षण,जिले की सभी ग्राम पंचायतों से 4-4 प्रतिभागी होंगे शामिल, ऑनलाइन लेखांकन से लेकर जीएसटी और ऑडिटिंग तक सिखाई जाएगी प्रक्रिया

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांवों के विकास की बनेगी नई कार्ययोजना! 12 से 15 अक्टूबर तक होगा जीपीडीपी का प्रशिक्षण,जिले की सभी ग्राम पंचायतों से 4-4 प्रतिभागी होंगे शामिल, ऑनलाइन लेखांकन से लेकर जीएसटी और ऑडिटिंग तक सिखाई जाएगी प्रक्रिया

कलयुग की कलम कटनी – ग्राम पंचायतों में आगामी विकास कार्यों की बेहतर और जरूरत आधारित योजना तैयार करने के लिए जिले में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को लेकर चरणबद्ध प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। जन योजना अभियान के अंतर्गत ‘सबकी योजना, सबका विकास’ कार्यक्रम के तहत वर्ष 2027-28 की ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के लिए 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक जनपद पंचायत एवं क्लस्टर स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित होंगे।

प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की तैयारी और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इसमें ग्राम पंचायत स्तरीय ऑनलाइन लेखांकन, जीएसटी, ओएसआर मैनेजमेंट, दृष्टि अकाउंटिंग, कैश बुक तथा ऑडिटिंग जैसे विषय शामिल किए गए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को योजनाओं के निर्माण, लेखांकन और वित्तीय प्रक्रियाओं की बेहतर समझ उपलब्ध कराना है।

हर ग्राम पंचायत से चार प्रतिभागी होंगे शामिल

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले की सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों से संबंधित सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा आंगनवाड़ी अथवा आशा कार्यकर्ता में से चार-चार प्रतिभागी प्रशिक्षण में शामिल होंगे।

किस जनपद में कब होगा प्रशिक्षण

जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार जनपद पंचायत रीठी की 56 ग्राम पंचायतों का प्रशिक्षण 12 अक्टूबर को होगा, जिसमें 280 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कटनी जनपद की 59 ग्राम पंचायतों का प्रशिक्षण 13 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें 295 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसी प्रकार बड़वारा जनपद की 66 ग्राम पंचायतों के लिए 14 अक्टूबर को प्रशिक्षण होगा और यहां 330 प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है।

वहीं विजयराघवगढ़ की 74 ग्राम पंचायतों का प्रशिक्षण 13 अक्टूबर को होगा, जिसमें 370 प्रतिभागी शामिल होंगे। ढीमरखेड़ा की 73 ग्राम पंचायतों के लिए 14 अक्टूबर को प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें 365 प्रतिभागियों की उपस्थिति अपेक्षित है। बहोरीबंद की 79 ग्राम पंचायतों का प्रशिक्षण 15 अक्टूबर को होगा, जिसमें 395 प्रतिभागी शामिल होंगे।

प्रशिक्षण के माध्यम से ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित मैदानी अमले को जीपीडीपी तैयार करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए आगामी वर्ष की विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार किया जा सके।

Related Articles

Back to top button