एक्सक्लूसिव खबरेंमध्यप्रदेश

दीपों की रोशनी से जगमगाए घर-आंगन, लक्ष्मी-गणेश पूजन के बाद गोवर्धन पूजा में उमड़ा श्रद्धा और उल्लास; मृदंग की थाप पर गूंजा दिवारी नृत्य,जिले सहित उमरियापान, ढीमरखेड़ा, खमतरा, दशरमन और सिलौंडी में धूमधाम से मना दीपोत्सव, घरों में सुख-समृद्धि की कामना के साथ लोगों ने की पूजा-अर्चना, बच्चों ने आतिशबाजी और युवाओं ने पारंपरिक दिवारी नृत्य का लिया आनंद

कलयुग की कलम से राकेश यादव

दीपों की रोशनी से जगमगाए घर-आंगन, लक्ष्मी-गणेश पूजन के बाद गोवर्धन पूजा में उमड़ा श्रद्धा और उल्लास; मृदंग की थाप पर गूंजा दिवारी नृत्य,जिले सहित उमरियापान, ढीमरखेड़ा, खमतरा, दशरमन और सिलौंडी में धूमधाम से मना दीपोत्सव, घरों में सुख-समृद्धि की कामना के साथ लोगों ने की पूजा-अर्चना, बच्चों ने आतिशबाजी और युवाओं ने पारंपरिक दिवारी नृत्य का लिया आनंद

कटनी – म.प्र

कलयुग की कलम उमरिया पान – रोशनी, आस्था, परंपरा और खुशियों का पर्व दीपावली जिले सहित ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। उमरियापान, ढीमरखेड़ा, खमतरा, दशरमन, सिलौंडी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दीपोत्सव की धूम देखने को मिली। पर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक विशेष रौनक रही। लोगों ने अपने घरों को आकर्षक विद्युत झालरों, रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों से सजाया। वहीं परिवार के सदस्यों ने एकजुट होकर विधि-विधान से भगवान श्रीगणेश और मां महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर घर-परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

विधि-विधान से हुआ लक्ष्मी-गणेश पूजन, दीपदान से रोशन हुए घर-आंगन

दीपावली के दिन सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और सजावट का दौर शुरू हो गया था। शाम को शुभ मुहूर्त में पूजा स्थल पर चौकी सजाकर भगवान श्रीगणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। धार्मिक परंपराओं के अनुसार सर्वप्रथम भगवान गणेश का पूजन कर मां लक्ष्मी का आह्वान किया गया। श्रद्धालुओं ने रोली, अक्षत, चंदन, पुष्प, माला, धूप, दीप, नैवेद्य, फल और मिठाई अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा धन-धान्य और समृद्धि की कामना से की जाती है, जबकि भगवान गणेश की आराधना शुभ कार्यों में विघ्नों के निवारण और मंगलमय शुरुआत के लिए की जाती है। पूजा के बाद घरों के मुख्य द्वार, आंगन, छत, तुलसी चौरा और देवस्थलों पर दीपक प्रज्वलित किए गए। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में बहीखातों, तिजोरी और धन-संपत्ति का पूजन किया। वहीं लोगों ने अपने वाहनों की पूजा-अर्चना कर उनके सुरक्षित संचालन की कामना की।

बच्चों में दिखा खास उत्साह, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान

दीपावली की खुशियों में बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना। बच्चों ने परिवार के सदस्यों के साथ फुलझड़ियां, अनार और रंग-बिरंगी आतिशबाजी का आनंद लिया। घरों में पकवान और मिठाइयां बनाई गईं। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटकर पर्व की खुशियां साझा कीं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी देर रात तक दीपोत्सव का उल्लास बना रहा।

गोवर्धन पूजा में दिखी आस्था, मृदंग की थाप पर थिरके दिवारी नृत्य के कलाकार

दीपावली के अगले दिन परंपरागत रूप से मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा पर भी ग्रामीण अंचलों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजन किया। भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत धारण करने की पौराणिक कथा का स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं ने प्रकृति, गौवंश और अन्न के महत्व को नमन किया। कई स्थानों पर गौमाता का पूजन कर उन्हें तिलक लगाया गया तथा पकवान और चारा अर्पित किया गया।

ग्रामीण अंचलों में गोवर्धन पूजा के साथ लोक संस्कृति की अनूठी छटा भी देखने को मिली। युवाओं और पारंपरिक कलाकारों ने मृदंग की थाप और लोकगीतों की मधुर धुन पर दिवारी नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की कदमताल और उत्साह ने लोगों का मन मोह लिया। ग्रामीणों ने भी दिवारी नृत्य का आनंद लेकर अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति उत्साह प्रकट किया।

आस्था, परिवार और लोक संस्कृति का संगम

दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक एकता और सामाजिक सौहार्द का सुंदर दृश्य देखने को मिला। त्योहार ने जहां घर-परिवारों में खुशियों का उजाला फैलाया, वहीं गोवर्धन पूजा और दिवारी नृत्य ने ग्रामीण संस्कृति की जीवंत परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान की। लोगों ने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button